अनिल अंबानी समूह की रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर ने आज सांताक्रूज स्थित अपना मुख्यालय येस बैंक को 1,200 करोड़ रुपये में बेच दिया। अभी सेंट्रल मुंबई में इंडियाबुल्स सेंटर से परिचालन करने वाला येस बैंक खरीदी गई इस इमारत को अपने कॉरपोरेट मुख्यालय में तब्दील कर देगा। रिलायंस सेंटर, सांताक्रुज की बिक्री से मिली पूरी रकम का इस्तेमाल येस बैंक के कर्ज निपटान में किया जाएगा। कंपनी को येस बैंक ने 4,000 करोड़ रुपये उधार दिए हैं।
इसके साथ ही रिलायंस इन्फ्रा ने इस साल जनवरी से अब तक तीन अहम परिसंपत्तियां बेच दी है। इनमें दिल्ली-आगरा टोल सड़क की बिक्री क्यूब हाइवेज को और बिजली पारेषण परिसंपति पार्वती कोलडम ट्रांसमिशन लिमिटेड की बिक्री इंडिया ग्रिड को की गई बिक्री शामिल है।
इस सौदे के साथ येस बैंक, रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर को दी गई अपनी उधारी घटाकर 2,000 करोड़ रुपये पर ले आया है। रिलायंस सेंटर 15,514 वर्गमीटर में फैला है और यहां 6.95 लाख वर्गफुट में अत्याधुनिक ऑफिस बिल्डिंग है।
अंबानी ने तब यहां अपना कार्यालय शिफ्ट किया जब वे रिलायंस के बल्लार्ड एस्टेट ऑफिस से बाहर निकले। रियल एस्टेट के विशेषज्ञों ने कहा कि यह कार्यालय मुख्य जगह पर है और मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे के करीब है। साथ ही छत्रपति शिवाजी इंटरनैशनल एयरपोर्ट टर्मिनल (टी-2) से 15 मिनट की दूरी पर है। साथ ही देसी एयरपोर्ट टर्मिनल (टी-1) से 10 मिनट की दूरी पर और बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स बिजनेस डिस्ट्रिक्ट्स से 20 मिनट की दूरी पर है। इस सेंटर में 425 चार पहिया वाहनोंं और 150 दोपहिया की पार्किंग की जगह है।