बाजार

1 शेयर पर मिलेगा ₹500 का डिविडेंड! डिस्ट्रीब्यूशन के कारोबार से जुड़ी कंपनी का निवेशकों को बड़ा तोहफा

कंपनी ने डिविडेंड के लिए 17 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है। इस तारीख के आधार पर यह तय किया जाएगा कि किन शेयरधारकों को 500 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड का फायदा मिलेगा

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- August 15, 2026 | 2:15 PM IST

डिविडेंड से कमाई करने वाले शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बड़ी खबर है। ट्रेडिंग और डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार से जुड़ी कंपनी द यमुना सिंडिकेट लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 500 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का ऐलान किया है। हालांकि, इस डिविडेंड पर अंतिम फैसला कंपनी की आगामी सालाना आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद होगा।

कंपनी ने 29 मई 2026 को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि उसके बोर्ड ने 31 मार्च 2026 को खत्म हुए वित्त वर्ष के मुनाफे से 100 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 500 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। अगर AGM में शेयरधारक इसे मंजूरी देते हैं, तो कंपनी तय समय के भीतर पेमेंट करेगी।

डिविडेंड के लिए क्या है रिकॉर्ड डेट

द यमुना सिंडिकेट लिमिटेड ने डिविडेंड के लिए 17 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है। इस तारीख के आधार पर यह तय किया जाएगा कि किन शेयरधारकों को 500 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड का फायदा मिलेगा।

कंपनी ने अपनी फाइलिंग में कहा है कि डिविडेंड AGM में मंजूर होने की स्थिति में 22 सितंबर 2026 तक या उससे पहले शेयरधारकों को पेमेंट कर दिया जाएगा। यानी कंपनी ने पेमेंट के लिए तय समयसीमा भी साफ कर दी है।

यह डिविडेंड वित्त वर्ष 2025-26 के मुनाफे से दिया जा रहा है। कंपनी के बोर्ड ने इसकी सिफारिश की है, लेकिन फिलहाल इसे अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। अंतिम फैसला 24 अगस्त को होने वाली AGM में लिया जाएगा।

Also Read: भारतीय शेयर बाजार का 35 साल का सफर: हर्षद मेहता घोटाले से 2026 तक तेजी-मंदी की पूरी कहानी

24 अगस्त को होगी कंपनी की AGM

द यमुना सिंडिकेट लिमिटेड की 72वीं  AGM 24 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे होगी। कंपनी के मुताबिक बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और दूसरे ऑडियो-विजुअल माध्यमों के जरिए आयोजित की जाएगी।

कंपनी ने AGM का नोटिस और वित्त वर्ष 2025-26 की सलाना रिपोर्ट भी शेयरधारकों को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से भेजी है। ये दस्तावेज 31 जुलाई 2026 को शेयरधारकों को भेजे गए थे। कंपनी ने यह प्रक्रिया लागू SEBI के नियमों मुताबिक पूरी की है।

शेयर मार्केट में क्या है कंपनी का हाल

द यमुना सिंडिकेट लिमिटेड के शेयरों की कीमत फिलहाल BSE पर 30220 रुपये प्रति शेयर है। BSE की वेबसाइट पर कंपनी के शेयर से जुड़ी ट्रेडिंग जानकारी में बताया गया है कि पिछले 30 दिनों में इस शेयर में रोजाना कारोबार करने वाले यूनिक क्लाइंट्स/PAN की औसत संख्या 100 से कम रही है।

कंपनी की ओर से प्रस्तावित 500 रुपये का डिविडेंड 100 रुपये फेस वैल्यू वाले एक इक्विटी शेयर पर है। हालांकि, निवेशकों को ध्यान रखना होगा कि डिविडेंड का पेमेंट तभी होगा, जब आगामी AGM में शेयरधारक बोर्ड की सिफारिश को मंजूरी देंगे।

First Published : August 15, 2026 | 1:59 PM IST