कंपनियां

Vipul Organics Q4 Results: चौथी तिमाही का मुनाफा तीन गुना से अधिक हुआ

Vipul Organics की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 की जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान कुल आय बढ़कर 40.54 करोड़ रुपये हो गई।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 31, 2024 | 1:28 PM IST

विशेष रसायन कंपनी विपुल ऑर्गेनिक्स (Vipul Organics) का वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ तीन गुना से अधिक होकर 1.07 करोड़ रुपये रहा। कपंनी का वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में शुद्ध लाभ 29 लाख रुपये रहा था।

विपुल ऑर्गेनिक्स की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 की जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान कुल आय बढ़कर 40.54 करोड़ रुपये हो गई। वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही में आय 31.33 करोड़ रुपये थी। समूचे वित्त वर्ष 2023-24 में एकीकृत शुद्ध लाभ 3.34 करोड़ रुपये रहा।

विपुल ऑर्गेनिक्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विपुल पी. शाह ने कहा, ‘‘ हमने तिमाही और सालाना आधार पर मजबूत वृद्धि देखी है। हमारी घरेलू बिक्री में तेजी देखी जा रही है। हमें उम्मीद है कि आने वाला साल बेहतर रहेगा क्योंकि हमने कागज, सौंदर्य प्रसाधन और बीज रंगाई जैसे नए क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है।’’

उन्होंने कहा कि कंपनी ने पिछले साल गुजरात के सयाखा में एक ग्रीनफील्ड सुविधा का शिलान्यास किया था, जिसके 2025-26 में पूरा होने की संभावना है।

First Published : May 31, 2024 | 1:28 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)