अल्ट्राटेक सीमेंट का लाभ स्थिर, राजस्व बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 12:09 AM IST

आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड ने सोमवार को बताया कि सितंबर 2021 में समाप्त तिमाही के दौरान उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 1,310.34 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले की समान अवधि में 1,310.06 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी ने बताया कि समीक्षाधीन अवधि में कोयला और पेट कोक की कीमतों में भारी बढ़ोतरी होने के कारण उसका मुनाफा प्रभावित हुआ।
अल्ट्राटेक सीमेंट ने शेयर बाजार को बताया कि जुलाई से सितंबर तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 15.69 फीसदी बढ़कर 12,016.78 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 10,387.14 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 10,209.43 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले की समान तिमाही के मुकाबले 17.02 फीसदी अधिक है।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज पर अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर आज मामूली गिरावट के साथ 7,397.70 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी ने बताया कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कोयला और पेट कोक की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते ऊर्जा लागत में सालाना आधार पर 17 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। अल्ट्राटेक सीमेंट ने उम्मीद जताई कि वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही के दौरान मध्य प्रदेश के उसके बिचारपुर कोयला ब्लॉक में खनन कार्य शुरू हो जाएगा जिससे कोयले की खरीद पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
तिमाही के दौरान कंपनी की समेकित मात्रात्मक बिक्री 2.16 करोड़ टन रही जो सालाना आधार पर 8 फीसदी अधिक है। तिमाही के दौरान कंपनी ने अक्टूबर 2021 में बिहार के पाटलीपुत्र सीमेंट वक्र्स और पश्चिम बंगाल के धनुकी सीमेंट वक्र्स में सालाना 12 लाख टन सालाना सीमेंट उत्पादन क्षमता चालू की। कंपनी ने कहा कि इस अतिरिक्त क्षमता से देश में तेजी बढ़ रही सीमेंट की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

First Published : October 18, 2021 | 11:11 PM IST