टॉरंट पावर लिमिटेड ने एक पवन ऊर्जा संयंत्र के अधिग्रहण के लिए सीईएससी लिमिटेड एवं अन्य के साथ एक शेयर खरीद समझौता किया है। इसके तहत सीईएससी लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई सूर्या विद्युत लिमिटेड और उसके 156 मेगावॉट क्षमता के पवन ऊर्जा संयंत्रों का 100 फीसदी अधिग्रहण किया जाएगा। कंपनी ने आज यह खुलासा किया है।
सीईएससी की विशेष उद्देशीय कंपनी (एसपीवी) हल्दिया एनर्जी लिमिटेड एवं अन्य नामित शेयरधारक सूर्या विद्युत गुजरात, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में 156 मेगावॉट के पवन ऊर्जा संयंत्रों का संचालन करते हैं।
करीब 790 करोड़ रुपये के एंटरप्राइज मूल्य पर यह अधिग्रहण किया जाएगा जो बंद भाव के समायोजन एवं लेनदेन के लिए प्रथागत शर्तों पर आधारित होगा। इन परियोजनाओं के लिए गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के साथ दीर्घावधि बिजली खरीद समझौते हो चुके हैं। इन बिजली खरीद समझौतों के तहत 25 वर्षों के लिए 4.68 रुपये प्रति यूनिट की भारित औसत पीपीए दर पर बिजली खरीद की जाएगी।
टॉरंट पावर विविध कारोबार वाले टॉरंट समूह की एकीकृत बिजली यूटिलिटी है। जबकि सीईएससी लिमिटेड आरपी संजीव गोयनका समूह की कंपनी है जो बिजली उत्पादन, पारेषण एवं वितरण कारोबार से जुड़ी है।