नैस्डेक में सूचीबद्ध नामी आईटी कंपनी सिनटेल ने कर्मचारियों की संख्या घटाने का फैसला किया है। कंपनी के मुताबिक, वह चेन्नई, मुंबई, पुणे और अमेरिका के कर्मचारियों को बाहर निकालेगी।
निकाले जाने वाले कर्मचारियों की वास्तविक संख्या क्या होगी, यह बताने से कंपनी ने हालांकि इनकार कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, करीब 1,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भारत में इस कंपनी के लगभग 11 हजार कर्मचारी हैं।
सूत्रों ने बताया, ”50 लाख से 1 करोड़ रुपये सालाना तनख्वाह पाने वाले कोई 100 कर्मचारियों को पहले ही बाहर कर दिया गया है।’ कंपनी ने इस आरोप का हालांकि खंडन किया है। उसके मुताबिक, खराब प्रदर्शन के चलते केवल कुछ कर्मचारियों को बाहर जाने को कहा गया है।
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, ‘मैं इस बात से कतई सहमत नहीं हूं कि कंपनी ने कई कर्मचारियों की छुट्टी की है। हमने तो केवल 30 कर्मचारियों को हटाया है। वह भी उनके खराब प्रदर्शन के चलते। कंपनी के 300 रिजर्व और प्रशिक्षु कर्मचारियों को केपीओ सेवा में जाने को कहा गया है।’
कंपनी के मुताबिक, केपीओ में कर्मचारियों का स्थानांतरण बेंच स्ट्रेंथ और कर्मचारियों की उपयोगिता बढ़ाने की कोशिशों का हिस्सा है।