बीएस बातचीत
अमेरिका की प्रॉपर्टी निवेशक और डेवलपर हाइंस के प्रबंधन के तहत 133.3 अरब डॉलर की रियल एस्टेट संपत्तियां हैं और वह 24 देशों में परिचालन कर रही है। उसने भारत में विकास प्रबंधन समझौता किया है। हाइंस इंडिया के कंट्री हेड और प्रबंध निदेशक अमित दीवान ने राघवेंद्र कामत से बातचीत में कहा कि रिमोट वर्किंग से ऑफिस प्रॉपर्टीज की मांग कम होगी, लेकिन भीड़ कम करने की कवायद में मांग बढ़ेगी। संपादित अंश…
क्या आप इस साल किसी नए डेवलपमेंट में निवेश पर विचार कर रहे हैं?
हम कुछ परियोजनाओं में निवेश के लिए संभावनाएं तलाश रहे हैं, लेकिन तय लक्ष्य नहीं है।
क्या संपत्ति के वर्ग, क्षेत्र या कीमत के हिसाब से हाइंस ने अपनी रणनीति बदली है?
वैश्विक रूप से देखें तो हाइंस 4 प्रमुख उत्पादों पर ध्यान देती है- ऑफिस, लिविंग, इंडस्टियल और रिटेल। भारत में हम एकल खुदरा छोड़कर सभी चारों क्षेत्रों में संभावनाएं तलाश रहे हैं। हमारी भौगोलिक प्राथमिकता दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, मुंबई, बेंगलूरु और पुणे बनी रहेगी। हम प्रीमियम लोकेशन व परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हैं, जहां हम ग्राहकों को गुणवत्ता प्रदान कर सकते हैं।
आपने कौन से डेवलपमेंट मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट किए है?
हमने अब तक दो समझौते किए हैं और कुछ और पर काम चल रहा है।
क्या आप रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट के माध्यम से संभावना तलाशेंगे?
जब हम मुनाफा देने वाली संपत्तियों पर विचार करते हैं तो ऐसा होता है। अभी हम इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
आवासीय व वाणिज्यिक संपत्तियों की मांग के बारे में आपकी क्या राय है?
भारत में हाइंस ने कुछ वजहें काम करती हैं। कार्यालय की संपत्तियों के मामले में रिमोट वर्किंग से मांग घटेगी, लेकिन गुणवत्ता पर ध्यान बढऩे और सघनता कम करने के हिसाब से मांग बढ़ेगी। आवासीय संपत्तियों के मामले में आर्थिक रिकवरी तक मांग प्रभावित रहेगी, लेकिन रिमोट वर्किंग व सुरक्षा वजहों से से मांग बढ़ेगी।
आने वाले दिनों मेंं जमीन और संपत्ति मूल्यांकन व किराये की स्थिति क्या होगी?
अगले कुछ महीनों तक मात्रा में कमी रहेगी, ऐसे में हम अहम बड़े लेनदेन नहीं देखेंगे और मूल्यांकन व किरायों में भी बदलाव होगा। समय के साथ परियोजना की लागत में भूमि की लागत कम होगी। प्रीमियम डेवलपमेंट जैसे हमारी मामले में किराये में तेजी बनी रहेगी। किराये पर लेने वाले गुणवत्ता की मांग करेंगे और उसके लिए उचित भुगतान के इच्छुक रहेंगे।
क्या दबाव वाली संपत्तियों में हाइंस के लिए निवेश का अवसर देख रहे हैं?
हां, पिछले कुछ वर्षों में हमारे लिए सौदों के प्रवाह बढ़े हैं और इसमें बढ़ोतरी जारी है।
आवासीय संपत्तियों को लेकर आपको क्या उम्मीद है?
बेहतरीन डेवलपरों की सस्ती आवासीय परियोजनाओं का प्रदर्शन पिछली तिमाही से ही बेहतर है। प्रीमियम हाउसिंग में मिली जुली प्रतिक्रिया रहेगी और मजबूत स्पांसर, लोकेशन और उत्पाद बेहतर करेंगे। अन्य को संघर्ष करना होगा।