रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मध्य प्रदेश में अपने कोल बेड मीथेन (सीबीएम) ब्लॉक की तीन-चौथाई यानी 75 फीसदी गैस अपनी सहायक इकाई को छह डॉलर प्रति घनमीटर के मौजूदा बाजार मूल्य पर बेची है। रिलायंस इंडस्ट्रीज और ब्रिटेन की बीपी की 50:50 हिस्सेदारी वाले संयुक्त उद्यम इंडिया गैस सॉल्यूशंस प्राइवेट लि. ने पिछले सप्ताह नीलामी में 6.2 लाख मानक घनमीटर प्रतिदिन गैस की खरीद की। नीलामी के दौरान कुल 8.2 एमएमएससीएमडी गैस के लिए बोली लगाई गई। इस मामले की जानकारी रखने वाले तीन लोगों ने यह सूचना दी।
सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल इंडिया लि. ने नीलामी के दौरान 1.7 लाख घनमीटर प्रतिदिन और रिलायंस गैस पाइपलाइन ने 30,000 घनमीटर प्रतिदिन गैस खरीदी। रिलायंस गैस पाइपलाइन मध्य प्रदेश में सीबीएम ब्लॉकों से गैस का परिवहन उपभोक्ताओं तक करती है। इस गैस के लिए बोली ब्रेंट कच्चे तेल के मौजूदा दाम के 9.2 फीसदी पर लगाई गई। यह करीब छह डॉलर प्रति इकाई बैठता है। इस बारे में रिलायंस को भेजे ई-मेल का जवाब नहीं मिला।
रिलायंस ने पिछले महीने 1 अप्रैल, 2021 से एक साल के लिए सोहागपुर कोल बेड मिथेन ब्लॉक से 0.82 एमएमएससीएमडी कोल गैस की खातिर बोली लगाई थी। इसमें कहा गया था कि गैस के लिए जो रकम चुकाना चाहते हैं उसके प्रतिशत के तौर पर वे ब्रेंट क्रूड की कीमत का भी उल्लेख करें। रिलायंस ने शुरू में ब्रेंट की आधार या न्यूनतम कीमत 9.5 फीसदी तय की थी, लेकिन बाद में उसे घटाकर 8.7 फीसदी कर दिया था।
क्रूड की मौजूदा दर 67 डॉलर प्रति बैरल पर सीबीएम से उत्पादित गैस की कीमत 6.1 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू बैठती है।