कंपनियां

2024 में क्विक कॉमर्स की चमक: दूध से सोने के सिक्के तक, मिनटों में डिलिवरी ने बदली खरीदारी की तस्वीर

इस बार धनतेरस पर सोने पर 8.3 लाख रुपये खर्च करने वाले एक ग्राहक से लेकर वैलेंटाइंस डे पर हर मिनट 307 गुलाबों के ऑर्डर भी पहुंचाए गए

Published by
पीरज़ादा अबरार   
Last Updated- December 27, 2024 | 10:56 PM IST

इस साल भारतीयों का सुविधा और तुरंत डिलिवरी के लिए प्यार बढ़ गया है और उपभोक्ताओं ने किराना के सामान के अलावा मेकअप और खिलौनों से लेकर वैक्यूम क्लीनर तक का ऑर्डर क्विक कॉर्मस प्लेटफॉर्म से किया। अब हमारे देश के अधिकतर लोग रोजमर्रा के सामान से लेकर जरूरी सामान और त्योहारी वस्तुओं तक की डिलिवरी 10 मिनट में चाहते हैं। खाने-पीने के सामान ऑनलाइन ऑर्डर पर पहुंचाने वाली फर्म स्विगी की क्विक कॉमर्स इकाई स्विगी इंस्टामार्ट की हाउ इंडिया स्विगीड 2024-क्विक कॉमर्स संस्करण में स्विगी इंस्टामार्ट पर 10 मिनट में पहुंचाए गए सामान की बढ़ती प्राथमिकता के बारे में बताया गया है।

ये जानकारी 1 जनवरी से लेकर 1 दिसंबर, 2024 के आंकड़ों पर आधारित है। इलेक्ट्रॉनिक और ब्यूटी से लेकर फैशन और घरेलू जरूरतों के सामान तक उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पेश करते हुए स्विगी इंस्टामार्ट देश के 54 शहरों में मौजूद है।

रिपोर्ट से पता चलता है कि सबसे ज्यादा खर्च करने वालों में दिल्ली और देहरादून के लोग शामिल हैं, जिन्होंने इस साल 20-20 लाख रुपये से अधिक के ऑर्डर स्विगी इंस्टामार्ट के जरिये किए। उन्होंने आटा, दूध और तेल जैसे उत्पादों की खरीदारी की है।

इसके अलावा देश भर के लोगों ने दूध, दही, डोसा बैटर, चिप्स और सॉफ्ट ड्रिंक्स जैसी शीर्ष पांच वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। हर 15 में से एक ऑर्डर में दूध शामिल था। हर पांच में एक ऑर्डर में फल और सब्जियां रहती थीं।
मुंबई के एक पालतू पशु से प्रेम करने वाले ने इस साल 15 लाख से रुपये से अधिक पालतू पशुओं के खाने-पीने की चीजों पर की। उन्होंने मुख्य तौर पर कुत्ते और बिल्ली के भोजन ऑर्डर किए थे।

चेन्नई के एक शख्स ने तो इस साल 1,25,454 रुपये इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रिकल और होम अप्लायंसेज पर खर्च किए और उन्होंने इतनी रकम से 85 उत्पादों की खरीदारी की। उनकी शीर्ष पसंद में गेमिंग ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, इंडक्शन कूकर, सैंडविच मेकर, हेयर स्ट्रेटनर, टेबल फैन और टोस्टर शामिल है। हम सभी को आम बहुत पसंद है। मगर एक हैदराबादी ने इस साल मई में 35,000 रुपये के आम मंगाए।

सुबह की रूटीन

क्विक कॉमर्स उपयोगकर्ताओं की सुबह दूध के साथ शुरू होती है। लोग सुबह उठते ही सबसे पहले दूध, सब्जी और अंडे का ऑर्डर करते हैं। इससे पता चलता है कि जो सुबह जल्दी उठते हैं और जो देर से बिस्तर छोड़ते हैं, सभी को ऊर्जा इन्हीं चीजों से ही मिलती है। तड़के 4 बजे से सुबह 7 बजे तक लोग इन वस्तुओं का ऑर्डर देते हैं। मगर जब घड़ी की सुई रात के 10 बजाती है तो चीजें पूरी तरह से बदल जाती है। फिर सुबह 4 बजे तक लोग आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक और चिप्स मंगाते हैं। शाम आठ से नौ बजे तक सबसे ज्यादा ऑर्डर सैनिटरी पैड की होती है। नवंबर में बदलते मौसम के साथ देश के लोगों से सबसे ज्यादा दर्द निवारक दवाइयां मंगाई हैं।

इस बार त्योहारों के दौरान भी लोगों ने जमकर क्विक कॉमर्स से खरीदारी की है। एक अहमदाबादी ने धनतेरस पर सोने के सिक्के पर 8,32,032 रुपये खर्च कर स्वर्ण रिकॉर्ड बना दिया। बाकी देशवासियों ने दीवाली के दौरान साफ-सफाई पर खास ध्यान दिया और उसी दिन 45 लाख रुपये से अधिक के झाड़ू खरीद लिए। इस बीच, दिल्ली वालों ने इस बार दीवाली पर 4.60 लाख रुपये के पोकर चिप्स खरीदे।

इसके अलावा, भाई-बहन के प्रमुख त्योहार रक्षाबंधन पर स्विगी इंस्टामार्ट ने करीब 8 लाख राखियां डिलिवर की। मुंबई की एक उपयोगकर्ता ने तो एक बार में ही 31 राखियां मंगाई थीं। रक्षाबंधन वाले दिन दूसरे के लिए ऑर्डर के तहत 2.85 लाख डिलिवरी हुईं और प्लेटफॉर्म पर हर मिनट 273 चॉकलेट के ऑर्डर आए। इससे पहले 14 फरवरी को सबसे ज्यादा हर मिनट 307 गुलाबों का ऑर्डर आया था।

89 सेकंड में पहुंचाया सामान

साल की सबसे तेज डिलिवरी कोच्चि में हुई, जब एक शख्स को डेढ़ मिनट से भी कम वक्त में यानी 89 सेकंड में नेंद्रन केले और लाल साग पहुंचा दिया गया। हालांकि, इस दौरान महज 180 मीटर की दूरी तय की गई। इसके अलावा, इस साल सबसे कम कीमत का ऑर्डर महज तीन रुपये का था, जब हैदराबाद के एक उपयोगकर्ता ने शाम 8.15 बजे एक पेंसिल शार्पनर खरीदा।

इस साल पूजा सामग्री और पार्टी के सामान दोनों खरीदने में बेंगलूरु का ही दबदबा रहा। मुंबई के साथ-साथ पार्टी कैपिटल बनने के लिए इस शहर के बीच होड़ रही, जहां खासकर दीवाली उत्सव के दौरान 1.8 गुना ज्यादा वाइन (शराब) और शॉट ग्लास के ऑर्डर मिले। इस साल शहरवासियों में ब्रश करने की भी होड़ दिखी और लोगों ने 2,72,731 टूथब्रश खरीदे। मुंबई वालों ने एक दिन में टॉनिक वाटर पर 8,20,360 रुपये खर्च कर दिए। साथ ही गोवा के एक शख्स ने इस साल करीब 35 हजार रुपये टॉनिक वाटर पर खर्चे। भले ही इस साल अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश हुई हो, लेकिन 15 अक्टूबर को छतरी की खरीदारी सबसे ज्यादा देखने को मिली। उस दिन अगस्त के मुकाबले 83 फीसदी ज्यादा छातों के ऑर्डर आए। इस साल मुंबईकरों ने सबसे ज्यादा छाते और रेनकोट के ऑर्डर दिए।

इसी महीने की एक तारीख को देशवासियों ने शाम सात से आठ बजे के बीच 4,500 किलो (4.5 टन) प्याज के ऑर्डर दिए। मुंबई वालों ने सबसे ज्यादा कांदा मंगाए और उसके बाद प्याज की खरीदारी करने वालों में हैदराबाद और दिल्ली वालों का स्थान रहा।

इंस्टेंट नूडल्स के लिए दिल्ली वालों का प्यार परवान चढ़ गया है और लोगों ने करीब 60 करोड़ रुपये इस पर खर्च किए हैं। पोकर चिप्स ही नहीं राष्ट्रीय राजधानी में रहने वालों ने आलू चिप्स और इंस्टेंट नूडल्स इतना खरीदा कि यह सूची में शीर्ष पर पहुंच गया और देश भर के लोगों को उनका स्नैक्स के प्रति प्रेम भी पता चल गया।

जब खुद चिप्स प्रेम की बात आती है तो 43 से ज्यादा स्नैक्स प्रेमियों ने इस साल चिप्स पर 75 हजार रुपये से अधिक खर्च किए हैं। हैदराबाद, चेन्नई, कोच्चि और कोलकाता ने लोगों ने दिखा दिया कि उन्हें चिप्स कितना पसंद है।
खेल के प्रेमी सबसे ज्यादा विशाखापत्तनम में देखने को मिले और इस साल वहां के एक व्यक्ति ने 27,742 रुपये के खिलौने खरीदे हैं। बेंगलूरु के लोगों ने इतने अंडरवियर खरीदे, जितने हैदराबादियों और मुंबईकरों ने मिलकर खरीदे थे।
रात 10 से 11 बजे के बीच जरूरी ऑर्डर किए गए। मसाला चिप्स और सेक्सुअल वेलनेस उत्पादों की इस वक्त खूब खरीदारी की गई। दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलूरु वाले गोपनीय तरीके से खरीदारी में अव्वल रहे।

अंतरराष्ट्रीय लॉगइन में कनाडा से सबसे आगे रहा और वहां के लोगों ने भारत में रह रहे अपने पसंदीदा लोगों ने खूब ऑर्डर किए। उसके बाद अमेरिका, कुवैत और सिंगापुर में रहने वालों ने भारत में रहने वाले अपने प्रियजनों के लिए ऑर्डर किया। तो उन्होंने क्या ऑर्डर किया। विदेश में रह रहे लोगों ने भारत के अपने प्रियजनों के लिए दूध, डोसा बैटर और पानी ऑर्डर किया। हैदराबाद और बेंगलूरु के लोगों ने बगैर बैग वाली डिलिवरी का विकल्प चुना और इससे यह पता चला कि वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति कितने गंभीर हैं।

First Published : December 27, 2024 | 10:56 PM IST