पेटीएम कर्मियों ने इसॉप्स को शेयरों में बदला

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 1:37 AM IST

पेटीएम के 166 मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों ने अपने कर्मचारी शेयर विकल्प (इसॉप) को शेयरों में तब्दील किया है। कंपनी ने नियामकीय जानकारी में इसका खुलासा किया है। आईपीओ की तैयारी कर रही पेटीएम स्टार्टअप तंत्र में सबसे बड़ी इसॉप व्यवस्थाओं में से एक से जुड़ी हुई है, और उसने अपने उन कर्मचारियों को लाभ के तौर पर इसॉप प्रदान किए हैं, जिन्होंने कंपनी के विकास में योगदान दिया है। इसॉप का समर्थन करने वाले 909 कर्मचारियों के साथ पेटीएम की कुल चुकता पूंजी 606,941,722 की है।
 
प्रतिभाशाली पेशेवरों को आकर्षित करने और बनाए रखने के लिए पेटीएम ने पिछले साल अपनी इसॉप नीति के कुछ खास पहलुओं में बदलाव किया और प्रदर्शन-आधारित इसॉप की पेशकश की। इससे पहले पेटीएम ने अपने शेयरधारकों को पत्र लिखकर कहा था कि इसॉप वाले कर्मचारी उन्हें शेयरों में तब्दील करने और उन्हें अपने डीमैट खातों से जोडऩे में सक्षम होंगे। इसॉप को शेयरों में तब्दील करने से जुड़ी लागत और कर्मचारियों को इसके लिए कर से जूझने की समस्या को देखते हुए पेटीएम उन्हें प्रख्यात उधारी भागीदारी से ऋण दिलाने में भी मदद करेगी जिससे कर्मचारियों को शेयरधारक बनने की लागत वहन करना आसान हो जाएगा।
 
पेटीएम अपने उधारी भागीदारों के जरिये 100 करोड़ रुपये तक के ऋणों को सुगम बनाएगा। इसके अलावा, पेटीएम इन ऋणों का ब्याज 6 महीनों तक वहन करेगी, जिससे कि कर्मचारी अपने कर्ज का बेहतर तरीके से प्रबंधन करने में सक्षम हों, और कंपनी का शेयरधारक बन सकें। पेटीएम की सकल व्यावसायिक वैल्यू 4,033 अरब रुपये पर है, जो रेडसीर के विश्लेषण के लिए भुगतान उद्योग में सर्वाधिक है, जबकि पेटीएम पेमेंट गेटवे अपने कुल लेनदेन के आधार पर भारत में सबसे बड़ा पेमेंट गेटवे एग्रीगेटर है। पेटीएम मनी ने म्युचुअल फंडों, स्वर्ण और शेयर ब्रोकिंग में 52 अरब रुपये की संयुक्त प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (एयूएम) के साथ खास पहचान बनाई है। 

First Published : August 24, 2021 | 9:31 PM IST