ब्यूटी और फैशन ई-कॉमर्स कंपनी Nykaa की पैरेंट कंपनी FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 3.3 गुना बढ़कर 79.76 करोड़ रुपये पहुंच गया है। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 24.47 करोड़ रुपये था। वहीं, वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के मुकाबले कंपनी के मुनाफे में 1.2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कंपनी की आय में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में Nykaa का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 29 फीसदी बढ़कर 2,782 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह आंकड़ा 2,154.9 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 2,648.1 करोड़ रुपये रहा था।
Nykaa के खर्चों में सालाना आधार पर बढ़ोतरी हुई है। कंपनी का कुल खर्च वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में 25.5 फीसदी बढ़कर 2,662.15 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, इसके बावजूद कंपनी की कमाई क्षमता में सुधार देखने को मिला है।
कंपनी का EBITDA यानी ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई 68 फीसदी बढ़कर 236 करोड़ रुपये हो गई। इसके साथ ही EBITDA मार्जिन बढ़कर 8.5 फीसदी पर पहुंच गया।
Also Read: Ather Energy ने बनाया नया रिकॉर्ड! घाटा घटा, शेयर 18% उछला, ब्रोकरेज ने दिया बड़ा टारगेट
Nykaa की फाउंडर, एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन और CEO फाल्गुनी नायर ने कहा कि इस तिमाही में कंपनी की ग्रोथ और EBITDA मार्जिन ने पिछले 12 तिमाहियों में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म पर कई नए ब्रांड जोड़े हैं, जिनमें Rare Beauty, SK-II और Judydoll जैसे नाम शामिल हैं। इनमें से Rare Beauty कम समय में ही Nykaa के प्रीमियम ब्यूटी सेगमेंट के टॉप पांच ब्रांड्स में शामिल हो गया है।
कंपनी के ब्यूटी कारोबार का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 4,105 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के मुताबिक, यह बढ़ोतरी ई-कॉमर्स, रिटेल स्टोर्स, eB2B डिस्ट्रीब्यूशन और House of Nykaa Beauty पोर्टफोलियो में बेहतर प्रदर्शन की वजह से हुई है।
Nykaa का क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Nykaa Now तेजी से अपना दायरा बढ़ा रहा है। फिलहाल यह सेवा 13 शहरों में उपलब्ध है और कंपनी की योजना वित्त वर्ष 2027 के अंत तक इसे 25 से ज्यादा शहरों तक पहुंचाने की है।
दूसरी ओर, Nykaa के फैशन कारोबार में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई है। इस सेगमेंट का GMV 53 फीसदी बढ़कर 1,471 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बताया कि उसकी ऑफलाइन पहुंच अब 105 शहरों में 324 स्टोर्स तक हो गई है। वित्त वर्ष 2026 में Nykaa ने अब तक के सबसे ज्यादा 76 नए स्टोर्स खोले थे।
Nykaa के House of Nykaa पोर्टफोलियो का सालाना GMV बढ़कर 3,760 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें पिछले साल के मुकाबले 39 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनी अब प्रीमियम स्किनकेयर मार्केट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए Nykaa ने डर्मोकोस्मेटिक ब्रांड Aminu Wellness में 51 फीसदी हिस्सेदारी 32 करोड़ रुपये में खरीदी है। Aminu का वित्त वर्ष 2026 में टर्नओवर 19.44 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी आने वाले कुछ वर्षों में तय शर्तों के मुताबिक इसकी बाकी 49 फीसदी हिस्सेदारी भी हासिल करेगी।
Aminu Wellness की शुरुआत साल 2019 में प्राची भंडारी और अमन मोहंता ने की थी। प्राची भंडारी क्लिनिकल कॉस्मेटोलॉजिस्ट और एस्थेटिशियन हैं, जबकि अमन मोहंता कंपनी के को-फाउंडर और बिजनेस लीड हैं। कंपनी के अनुसार, यह ब्रांड शुरुआत से ही बिना बाहरी फंडिंग के आगे बढ़ा है और पिछले तीन साल में आठ गुना बड़ा हुआ है। फिलहाल Aminu मुनाफे में चल रहा है।
कंपनी का B2B डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म Superstore by Nykaa देशभर में करीब 5.23 लाख रिटेलर्स तक पहुंच बना चुका है। यह प्लेटफॉर्म 1,200 से ज्यादा शहरों में अपनी सेवाएं दे रहा है। इस कारोबार में सालाना आधार पर बिजनेस ऑर्डर में 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी के मुताबिक, रिटेलर्स की बढ़ती संख्या इसकी प्रमुख वजह रही है।