आर्थिक मंदी के कारण जहां दूसरी कंपनियां छंटनी कर रही हैं, वहीं अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) की बुनियादी ढांचा निर्माण कंपनी रिलायंस इन्फ्रा अपने कर्मचारियों की संख्या में 10 फीसदी की बढ़ोतरी करने जा रही है।
कंपनी परिचालन बढ़ाने के लिए 1,500 कर्मचारियों की नियुक्ति करेगी। रिलायंस इन्फ्रा के मुख्य कार्याधिकारी ललित जालान ने बताया, ”हम अगले साल अपनी बुनियादी ढांचा कंपनी में 1,500 कर्मचारी बढ़ाने जा रहे हैं। दरअसल हम राजमार्ग, बंदरगाह और अन्य खंडों की परियोजनाएं हासिल कर नए क्षेत्रों में प्रवेश करना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा ”सिर्फ रिलायंस इन्फ्रा में ही 7,200 कर्मचारी हैं जिनमें एसपीवी और सहयोगी कंपनियां भी शामिल हैं। जबकि समूह में कुल 1,45,000 लोग काम करते हैं।” कंपनी मुख्य तौर पर सड़क, शहरी बुनियादी ढांचा और विशेष आर्थिक क्षेत्र के साथ-साथ मुक्त व्यापार क्षेत्रों में काम करती है।