नैनो अगले सोमवार को बाजार में तो आएगी, लेकिन उसकी सवारी का लुत्फ उठाने के लिए आपको जून तक इंतजार करना पड़ सकता है।
टाटा मोटर्स की तैयारियां देखें और उसके डीलरों पर यकीन करें, तो सड़कों पर यह कार जून से पहले नहीं आ सकेगी। नैनो की बुकिंग अप्रैल के दूसरे हफ्ते से शुरू होगी और इसके कुछ वक्त बाद ही ग्राहकों को नैनो मिल पाएगी।
नैनो के लिए पुर्जे बनाने वाली कंपनियों से हाल ही में आपूर्ति तेज करने के लिए कहा गया है। टाटा मोटर्स की ही कंपनी टाटा कॉम्प सिस्टम्स (टाको) अपनी तमाम सहयोगी कंपनियों के साथ नैनो के 20 फीसदी पुर्जे बना रही है। वह बैटरी, इंटीरियर, दरवाजों के हैंडल बनाएगी। सीटों का निर्माण टाटा जॉनसन कंट्रोल्स करेगी।
मुंबई में कंपनी के डीलर फॉरच्यून कार्स के एक बिक्री प्रबंधक का कहना है, ‘असल में नैनो जुलाई तक ही सड़कों पर दौड़ती नजर आएगी।’ पहले साल लगभग 50,000 नैनो ही बाजार में उपलब्ध होंगी।
एक अन्य डीलर वासन मोटर्स के एक अधिकारी कहते हैं, ‘हमारे पास बड़ी तादाद में लोग पूछताछ के लिए आ रहे हैं। कीमत से लेकर मॉडल तक लोग नैनो का हर पहलू जानना चाहते हैं।’
टाटा मोटर्स ने डीलरों को कुछ ही ब्यौरा मुहैया कराया है। लेकिन जानकारों का मानना है कि नकदी के संकट को देखते हुए कंपनी नैनो की बुकिंग के लिए 70,000 रुपये डिपॉजिट करा सकती है।