आम आदमी की कार का स्टीयरिंग आखिरकार उसकी पहुंच में आ ही गया। अपने वायदे के मुताबिक टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा ने नैनो बिक्री के लिए पेश ही कर दी।
नई दिल्ली में ऑटो एक्सपो में नैनो के ऊपर से पर्दा हटाने के 15 महीने बाद टाटा मोटर्स इसकी बुकिंग के लिए तैयार है। बुकिंग 9 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलेगी। लेकिन कार की चाबी ग्राहकों को जुलाई में ही मिलेगी।
पारसी जिमखाना में नैनो के लॉन्च के लिए रंगारंग कार्यक्रम में टाटा ने कहा कि यह कार वह भारत के आम आदमी के नाम करते हैं। उन्होंने इस लगभग असंभव को संभव साबित करने वाले 500 लोगों की टीम का भी शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने कहा कि इस कार को लाकर कंपनी ने लीक से हटकर काम किया है। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि इसके पीछे कोई जिद या अहं काम नहीं कर रहा था। कंपनी ने नैनो पर 2,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
बढ़ सकती है कीमत
बुकिंग खत्म होने के 60 दिन के भीतर टाटा मोटर्स उन 100,000 लोगों के नामों का ऐलान कर देगी, जिन्हें पहली खेप में नैनो मिलनी है। उनके नाम कंप्यूटर से लॉटरी के जरिये निकाले जाएंगे।
इन 100,000 कारों की कीमत में कोई इजाफा नहीं किया जाएगा। इसका मतलब है कि शुरुआती 100,000 कारों की डिलीवरी के बाद कंपनी नैनो की कीमत बढ़ा सकती है, हालांकि टाटा ने ऐसा कुछ भी नहीं कहा।
शुरुआती 100,000 कारों को ग्राहकों के सुपुर्द करने में 1 साल का वक्त लग सकता है क्योंकि इन्हें पंतनगर संयंत्र में बनाया जा रहा है। इस संयंत्र में हर महीने केवल 5,000 कार बनाने की क्षमता है। जब अहमदाबाद के नजदीक साणंद संयंत्र शुरू हो जाएगा, तो ज्यादा तादाद में कार बनाने में कंपनी को आसानी होगी। इस संयंत्र की क्षमता 1 साल में लगभग 3.5 लाख कार बनाने की होगी।
टाटा मोटर्स ने नैनो खरीदने के लिए ग्राहकों को कर्ज मुहैया कराने का इंतजाम भी किया है। इसके लिए उसने भारतीय स्टेट बैंक से करार किया है। बैंक 11.75 से 12 फीसदी ब्याज दर पर कर्ज देगा।
मिलेगा ब्याज भी
पूरी कीमत देकर बुकिंग कराने के बाद भी ग्राहक को अगर नैनो लॉटरी में नहीं मिलती है, तो वह अपनी रकम कंपनी के पास जमा रख सकता है। ऐसी सूरत में कंपनी उसे ब्याज देगी। 1 से 2 साल तक अगर कार नहीं मिली, तो रकम पर 8.5 फीसदी ब्याज मिलेगा। टाटा मोटर्स के मुताबिक 2 साल से ज्यादा समय लगने पर ब्याज की दर 8.75 फीसदी होगी।
नैनो तीन संस्करणों में मुहैया कराई जाएगी। इसका बेस मॉडल 3 रंगों में दिया जा रहा है। उसके अलावा नैनो सीएक्स और नैनो एलएक्स मॉडल होंगे, जो 5 रंगों में मिलेंगे। टाटा ने कहा कि यूरोप के अलावा अमेरिका के बाजार में भी नैनो को पहुंचाने की उनकी योजना है। अमेरिका इस समय वाहनों का सबसे बड़ा बाजार है।
उछल पड़े शेयर
नैनो के उतरते ही टाटा मोटर्स के शेयरों को भी खासा उछाल मिला। बीएसई में सोमवार को कंपनी के शेयर 3.20 फीसदी उछलकर 166.05 पर बंद हुए।
कैसे होगी नैनो की बुकिंग
नैनो की बुकिंग के लिए फॉर्म 300 रुपये में 9 अप्रैल से 25 अप्रैल तक टाटा मोटर्स के डीलर, एसबीआई, वेस्टसाइड, क्रोमा और अन्य स्थानों पर मिलेंगे। ग्राहक कार की पूरी कीमत खुद अदा कर सकते हैं और कर्ज भी ले सकते हैं।
कर्ज के लिए कंपनी ने 15 बैंकों और कंपनियों से करार किया है। ग्राहक को 2,999 रुपये देने होंगे। बाकी काम फाइनैंसर खुद कर देंगे। जो पूरी कीमत खुद देना चाहते हैं, वे एसबीआई की चुनिंदा शाखाओं और दूसरे स्थानों पर फॉर्म जमा कर सकते हैं।
नैनो गांवों को शहरों से जोड़ेगी। सड़कें बनवाना सरकार का काम है। वह जनता से टैक्स लेती है, इसलिए सड़क भी बनवाए – रतन टाटा, चेयरमैन, टाटा मोटर्स
नैनो को टाटा ने किया आम आदमी के नाम
कीमत 1 लाख रुपये ही रखने का टाटा मोटर्स का ऐलान
दिल्ली में बेस मॉडल की एक्स शोरूम कीमत 1.23 लाख रुपये
सीएक्स मॉडल 1.40 लाख और एलएक्स 1.72 लाख रुपये
9 से 25 अप्रैल के बीच होगी नैनो के लिए बुकिंग
बुकिंग के बाद कंप्यूटर लॉटरी से किया जाएगा ग्राहकों का चुनाव
शुरुआत में मिलेगी 100,000 लोगों को ही यह कार
इसमें लग सकता है 1 साल क्योंकि साणंद संयंत्र चालू नहीं
उसके बाद बढ़ाई जा सकती है नैनो की कीमत
स्टेट बैंक नैनो के लिए देगा 7 साल की मियाद का कर्ज
11.75 से 12 फीसदी ब्याज दर