देश में डायग्नोस्टिक्स (रोग निदान की) सेवाएं मुहैया कराने वाली सबसे बड़ी कंपनी मेट्रोपोलिस हेल्थ सर्विसेज की योजना भारत में अधिग्रहण एवं विलय के साथ-साथ आंतरिक संसाधनों की मदद से कारोबार में इजाफा करने की है।
कंपनी की योजना दक्षिण अफ्रीका, पश्चिमी एशिया, श्रीलंका और थाईलैंड में तेजी से कारोबार के विस्तार के अलावा देश में और अधिक लैबोरेटरीज खोलने की है।
देश में तकरीबन 40 लैबोरेटरीज वाली सबसे बड़ी डायग्नोस्टिक्स शृंखला मेट्रोपोलस की लक्ष्य मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक 10 से भी अधिक लैबोरेटरीज और खोलने का है।
कंपनी के चेयरमैन डॉ. सुशील शाह का कहना है कि कुछ ही दिनों में कंपनी एक नई लैबोरेटरी का अधिग्रहण कुछेक दिनों में कर लेगी। उनका कहना है, ‘हमारा अधिग्रहण एवं विलय और आतंरिक संसाधनों के रास्ते विकास करने का विचार है। हम सिर्फ तभी अधिग्रहण करेंगे अगर बिक्री के लिए उपलब्ध लैबोरेटरीज जरूरी मानकों और बुनियादी ढांचे को मुहैया करा सके।’
मेट्रोपोलिस साथ ही देश के बाहर भी विस्तार करने की योजना बना रही है। फिलहाल कंपनी की दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन और जोहान्सबर्ग में दो लैब हैं और जल्द ही कंपनी पोर्ट एलिजाबेथ और डर्बन में दो और लैबोरेटरीज खोलेगी।
कंपनी ने दो साल पहले संयुक्त अरब अमीरात के ईटीए समूह के साथ पश्चिमी एशिया में विशेष पैथलॉजी परीक्षणों के लिए लैबोरेटरीज के लिए एक संयुक्त उपक्रम बनाया था।
इस उपक्रम के तहत कंपनी ने दुबई में अपने केंद्र खोले हैं और जल्द ही अबू धाबी में भी एक केंद्र खोलने वाली है। स्टार मेट्रोपोलिस संयुक्त उपक्रम में ईटीए की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है।
कंपनी थाईलैंड के हेल्थकेयर सर्विसेज समूह के साथ अस्पताल लैबोरेटरी प्रबंधन सेवाओं के लिए संयुक्त उपक्रम बनाने के लिए भी बातचीत कर रही है।
मेट्रोपोलिस ने श्रीलंका की प्रमुख अस्पताल शृंखला नवालोका हॉस्पिटल ग्रुप के साथ भी अस्पताल लैबोरेटरीज प्रबंधन सेवाओं और कोलंबो में सैटेलाइट प्राप्ति केंद्र शुरू करने के लिए गठजोड़ किया है।
सुशील शाह का कहना है कि 150 करोड़ रुपये वाली मेट्रोपोलिस ने हेल्थकेयर में उभरते हुए क्षेत्रों जैसे निवारक हेल्थकेयर पैकेज, अन्य प्रबंधन सेवाएं और क्लीनिक परीक्षण उद्योग के लिए नमूना परीक्षण पर भी ध्यान देना शुरू किया है।
भारत के डायग्नोस्टिक्स लैबोरेटरी सेवाओ का बाजार मौजूदा समय में लगभग 10,000 करोड़ रुपये का है जो सालाना 20 से 30 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ रहा है। इस बाजार में कंपनी को विकास की काफी संभावनाएं भी नजर आ रही हैं।