तेजी से बढ़ रहे इंटरनेट कॉमर्स प्लेटफॉर्म मीशो ने अपने सभी पात्र मौजूदा और पूर्व कर्मियों के लिए 55 लाख डॉलर की कर्मचारी शेयर स्वामित्व योजना (इसॉप) की घोषणा की है। यह एक साल से कम समय में कंपनी की दूसरी इस तरह की पेशकश है।
पिछले महीने, मीशो ने सीरीज एफ राउंड में फिडेलिटी मैनेजमेंट ऐंड रिसर्च कंपनी, बी कैपिटल गु्रप, और अन्य नए एवं मौजूदा भागीदारों प्रोसस वेंचर्स, सॉफ्टबैंक विजन फंड 2 तथा फेसबुक से 57 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटाई। इसके साथ ही उसका मूल्यांकन 2 गुना बढ़कर 4.9 अरब डॉलर हो गया है।
मीशो के संस्थापक एवं मुख्य कार्याधिकारी विदित आत्रे ने कहा, ‘हम न सिर्फ व्यवसाय में प्रगति दर्ज कर रहे हैं बल्कि हर किसी के लिए इंटरनेट कॉमर्स की पहुंच बढ़ाने के अपने प्रयासों में भी तेजी ला रहे हैं। हमारे कर्मचारी इस तेज रफ्तार के अगुआ हैं और हम उन्हें हमारे साथ आगे बढऩे औ जश्न मनाने का पर्याप्त अवसर देना चाहते हैं। चूंकि हमने सभी वर्गों से नियुक्तियां की हैं और अपनी टेक और उत्पाद प्रतिभा को 2.5 गुना तक बढ़ाया है, इसलिए इसॉप से कर्मचारियों को ज्यादा स्वामित्व मिलेगा, साथ ही कमाई के ज्यादा अवसर भी हासिल होंगे।’
पिछले 6 महीने के दौरान कंपनी ने मासिक ट्रांजेक्शन से संबंधित उपयोगकर्ताओं में 2.8 गुना वृद्घि दर्ज की और मासिक ऑर्डरों में 2.5 गुना तेजी हासिल की। कंपनी ने अब दिसंबर 2022 तक 10 करोड़ उपयोगकर्ताओं तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है और उसने 5 करोड़ से ज्यादा उत्पादों को शामिल करने पर जोर दिया है। उसने भारत के दूरदराज स्थित बाजारों में पहुंच बनाने और देश में अगले एक अरब उपयोगकर्ताओं के लिए पसंदीदा ई-कॉमर्स डेस्टिनेशन बनने की योजना बनाई है।
इस महीने सॉफ्टबैंक-समर्थित मीशो ने अपनी प्रमुख फेस्टिव सेल इवेंट ‘महा इंडियन शॉपिंग लीग’ के दौरान पिछले साल के मुकाबले उपयोगकर्ताओं की संख्या में 750 प्रतिशत की वद्घि दर्ज की। करीब 60 प्रतिशत मांग टियर-4 बाजारों से जुड़ी हुई थी, जिनमें मिजोरम के खवजॉल और जम्मू-कश्मीर के सोपोर जैसे क्षेत्र मुख्य रूप से शामिल थे।
मीशो मौजूदा समय में डीलशेयर, बुलबुल, ग्लोरोड, मॉल91, और सिमसिम जैसे अन्य सोशल ई-कॉमर्स कंपनियों और स्टार्टअप के साथ प्रतिस्पर्धा कर रही है।