टीवीएस मोटर कंपनी का शेयर अगले दो वर्षों के लिए ब्रोकरों की मजबूत वृद्घि संबंधित उम्मीदों और सकारात्मक प्रबंधन टिप्पणी से 3 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गया था। सुस्त जून तिमाही के बाद, जुलाई में मांग रुझान से संकेत मिलता है कि खुदरा बिक्री मार्च 2021 के तिमाही स्तरों के करीब लौट रही है और बिक्री भी सितंबर तक सामान्य हो जाने की संभावना है। घरेलू मांग में सुधार के कारकों में सामान्य मॉनसून और जलाशय स्तर की मदद से सकारात्मक ग्रामीण धारणा मुख्य रूप से शामिल है। शहरी सेगमेंट में व्यक्तिगत आवाजाही सामान्य होने से भी मांग को मदद मिलने की संभावना है। जहां जून तिमाही में बिक्री पिछले साल के न्यून आधार के मुकाबले 146 प्रतिशत बढ़कर 6.57 लाख वाहन रही थी, जो मार्च तिमाही की बिक्री से 29 प्रतिशत कम थी, क्योंकि कई राज्यों में लॉकडाउन था।
वैश्विक बाजारों से मांग में सुधार अन्य कारक है, क्योंकि टीवीएस मोटर की बिक्री में इसका करीब 50 प्रतिशत का योगदान रहता है। प्रमुख बाजारों से मांग कच्चे तेल और अन्य जिंसों में तेजी तथा इन बाजारों में निर्यातकों के लिए उपलब्ध विदेशी मुद्रा में सुधार की वजह से मजबूत हुई है। भले ही जून तिमाही में घरेलू बिक्री तिमाही आधार पर 45 प्रतिशत नीचे रही, लेकिन निर्यात में 2 प्रतिशत तक की वृद्घि दर्ज की गई थी, जिससे कुल बिक्री गिरावट का आंकड़ा सीमित बनाए रखने में मदद मिली।
रेटिंग में बदलाव से संबंधित मुख्य कारकों में कंपनी द्वारा सतत आधार पर दो अंक के दायरे में मार्जिन बनाए रखने की क्षमता भी है। कमजोर बिक्री और कच्चे माल की ऊंची लागत की वजह से जून तिमाही में मार्जिन 310 आधार अंक तक घटकर तिमाही आधार पर 7 प्रतिशत रह गया।
कच्चे माल संबंधित मुद्रास्फीति के एक हिस्से की भरपाई कीमत वृद्घि, लागत कटौती पहलों और अनुकूल उत्पाद मिश्रण से हुई थी। इन उपायों के बावजूद, लागत में रिकवरी संबंधित 50 आधार अंक का अंतर बना हुआ है। हालांकि कंपनी का कहना है कि बिक्री ऊंचे स्तरों पर पहुंच जाने के बाद उसका मार्जिन 10 प्रतिशत से ऊपर हो जाएगा। स्थानीय और निर्यात बाजारों में महंगे उत्पादों के प्रति बढ़ते रुझान और अपाचे, एनटॉर्क तथा जुपीटर जेएस की ऊंची बिक्री से भविष्य में मार्जिन सुधारने में मदद मिल सकती है। कीमत वृद्घि, उत्पाद मिश्रण से भी कंपनी को तिमाही आधार पर प्राप्तियों में 4.3 प्रतिशत की वृद्घि दर्ज करने में मदद मिली।
खासकर इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में नई पाहन पेशकशें मध्यावधि कारक होगा। कंपनी ने उत्पाद विकास, क्षमता वृद्घि और वितरण ढांचे के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों पर 1,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी। जहां कंपनी ने इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहन पेश करने की योजना बनाई है, वहीं उसके मौजूदा पोर्टफोलियो में टीवीएस आईक्यूब शामिल है, जो 6 शहरों में मौजूद है और कंपनी ने चालू वर्ष के अंत तक अन्य शहरों में भी इसकी उपस्थिति की योजना बनाई है।
कंपनी जेएम फाइनैंशियल के विश्लेषकों के लिए दोपहिया क्षेत्र में मुख्य पसंदीदा शेयर है। ब्रोकरेज फर्म के विवेक कुमार और नितिन अग्रवाल के अनुसार इस शेयर पर उम्मीद की वजह सफल उत्पाद रिकॉर्ड, उद्योग में महंगे उत्पादों के बढ़ते रुझान और मुनाफे में सुधार है। ब्रोकरेज फर्म को वित्त वर्ष 2021-23 के दौरान राजस्व और आय में 20-56 प्रतिशत तक की वृद्घि की संभावना है। हालांकि मोतीलाल ओसवाल रिसर्च के विश्लेषकों ने अपना लक्ष्य मल्टीपल 20 गुना से घटाकर 18 गुना कर दिया है, जिसकी वजह यह है कि कंपनी का इंटरनल कम्बश्चन इंजन टेक्नोलॉजी वाले स्कूटरों पर ज्यादा निवेश है, और इस सेगमेंट का उसकी कुल बिक्री में 30 प्रतिशत योगदान है।