कंपनियां

CWIT का पहला चरण अगले साल दिसंबर तक सकता है चालू: करण अदाणी

कोलंबो वेस्ट इंटरनेशनल टर्मिनल APSEZ, श्रीलंका के जॉन कील्स होल्डिंग्स (JKH) और श्रीलंका पोर्ट अथॉरिटी (SLPA) के बीच एक जॉइंट वेंचर है।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 15, 2023 | 11:25 PM IST

कोलंबो वेस्ट इंटरनेशनल टर्मिनल (CWIT) का पहला चरण दिसंबर, 2024 तक चालू हो सकता है। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन (APSEZ) के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) करण अदाणी ने यह जानकारी दी।

विकास वित्त निगम (DFC) CWIT के लिए 55.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर का फंड देगा। डीएफसी अमेरिकी सरकार की विकास वित्त संस्था है।

कोलंबो वेस्ट इंटरनेशनल टर्मिनल एपीएसईजेड, श्रीलंका के जॉन कील्स होल्डिंग्स (जेकेएच) और श्रीलंका पोर्ट अथॉरिटी (एसएलपीए) के बीच एक संयुक्त उद्यम है।

अदाणी ने कहा, ”कोलंबो बंदरगाह पर, हम दिसंबर, 2024 तक चरण-1 के चालू होने और संचालन की उम्मीद कर रहे हैं। हमने पहले ही अपनी पूंजीगत निवेश की हिस्सेदारी दे दी है।”

उन्होंने आगे कहा, ‘‘कोलंबो बंदरगाह में हमारे संयुक्त उद्यम भागीदार भी हैं, जहां हमारे पास 51 प्रतिशत और अन्य दो साझेदारों- एसएलपीए और जॉन कील्स के पास 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है।”

कोलंबो बंदरगाह हिंद महासागर में सबसे बड़ा और व्यस्ततम बंदरगाह है। यह 2021 से 90 प्रतिशत से अधिक क्षमता के साथ काम कर रहा है।

पश्चिम बंगाल ताजपुर बंदरगाह पर एक सवाल का जवाब देते हुए, अदाणी ने कहा, ‘‘हम अब भी परियोजना मिलने के पत्र का इंतजार कर रहे हैं… एक बार जब हमें यह मिल जाएगा, तो पर्यावरणीय मंजूरी और जमीनी कार्य के चलते हमें वहां कोई भी निर्माण शुरू करने से पहले 18 से 24 महीने लगेंगे।’’

First Published : November 15, 2023 | 6:31 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)