कंपनियां

KG-D6 ब्लॉक से गैस की नई नीलामी में IOC ने मारी बाजी

इस ब्लॉक से पिछले सप्ताह नीलाम हुई 40 लाख मानक घन मीटर गैस में से आईओसी को प्रतिदिन 14.5 लाख मानक घन मीटर गैस मिली।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 28, 2023 | 4:10 PM IST

सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने केजी-डी6 से निकलने वाली गैस के लिए आयोजित नवीनतम नीलामी में रिलायंस इंडस्ट्रीज और बीपी के गठजोड़ की तरफ से पेश प्राकृतिक गैस का एक तिहाई से अधिक हिस्सा हासिल कर लिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

इस ब्लॉक से पिछले सप्ताह नीलाम हुई 40 लाख मानक घन मीटर गैस में से आईओसी को प्रतिदिन 14.5 लाख मानक घन मीटर गैस मिली। तेल शोधन और विपणन कंपनी आईओसी इस ब्लॉक से गैस की पिछली दो नीलामी में भी अग्रणी बोलीदाता थी। उसने इस बार उर्वरक संयंत्रों एक ‘एग्रीगेटर’ के रूप में बोली लगाई।

मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों ने कहा कि टॉरेंट गैस और गुजरात गैस जैसी शहरी गैस वितरण कंपनियों ने वाहनों को सीएनजी की बिक्री और घरों तक पाइप से रसोई गैस पहुंचाने के लिए कुल 22.1 लाख मानक घन मीटर गैस का अधिकार हासिल किया है।

सूत्रों के मुताबिक, गुजरात गैस ने पांच लाख मानक घन मीटर, टॉरेंट गैस ने 4.5 लाख मानक घन मीटर, अदाणी टोटल गैस लिमिटेड ने 2.9 लाख मानक घन मीटर, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और महानगर गैस लिमिटेड ने तीन लाख मानक घन मीटर गैस खरीद का अधिकार हासिल किया है। इस नीलामी में गैस खपत वाले सभी क्षेत्रों- उर्वरक, शहरी गैस वितरण, रिफाइनरी और ‘एग्रीगेटर्स’ ने शिरकत की।

यह भी पढ़ें : हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद आज लौटे Adani Group के सबसे अच्छे दिन, मार्केट वैल्यू में हुआ 15 अरब डॉलर का इजाफा

कुल 38 सफल बोलीदाताओं ने 24 नवंबर को हुई इस नीलामी के माध्यम से गैस हासिल की। रिलायंस और उसके ब्रिटिश साझेदार बीपी के गठजोड़ ने कृष्णा गोदावरी बेसिन ब्लॉक से 40 लाख मानक घन मीटर गैस की बिक्री के लिए यह नीलामी आयोजित की थी।

इस नीलामी के तहत एक दिसंबर से गैस आपूर्ति की जाएगी। इस गठजोड़ ने इस साल अप्रैल में भी 60 लाख मानक घन मीटर गैस की बिक्री की थी। यह गठजोड़ केजी-डी6 ब्लॉक में गैस क्षेत्रों से लगभग 2.9-3.0 करोड़ मानक घन मीटर का उत्पादन करता है।

First Published : November 28, 2023 | 4:08 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)