कंपनियां

इन्फोसिस पुरस्कार 2023: भारत के छह वैज्ञानिकों को उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा

इन्फोसिस पुरस्कार 2023: सच्चिदानंद त्रिपाठी, जाह्नवी फालके, अरुण कुमार शुक्ला, भार्गव भट्ट, मुकुंद थताई और करुणा मंतेना को सम्मानित किया जाएगा

Published by
भाषा   
Last Updated- November 15, 2023 | 10:55 PM IST

इन्फोसिस साइंस फाउंडेशन (आईएसएफ) ने भारत में वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छह लोगों को प्रतिष्ठित इन्फोसिस पुरस्कार 2023 देने की बुधवार को घोषणा की। विजेता छह श्रेणियों- इंजीनियरिंग एवं कंप्यूटर विज्ञान, मानविकी, जीवन विज्ञान, गणितीय विज्ञान, भौतिक विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में चुने गए हैं।

इंजीनियरिंग ऐंड कम्प्यूटर विज्ञान के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-कानपुर में सस्टेनेबल एनर्जी इंजीनियरिंग (एसईई) के प्रोफेसर सच्चिदानंद त्रिपाठी को चुना गया है।

ह्यूमैनिटीज (मानविकी) के लिए साइंस गैलरी बेंगलूरु की संस्थापक निदेशक जाह्नवी फालके को चुना गया है। लाइफ साइंस (जीवन विज्ञान) के लिए आईआईटी-कानपुर में बायलॉजिकल साइंस एवं बायोइंजीनियरिंग के प्रोफेसर अरुण कुमार शुक्ला को पुरस्कृत किया जाएगा।

गणितीय विज्ञान (मैथमैटिकल साइंसेज) के क्षेत्र में यह पुरस्कार इंस्टीट्यूट फॉर एडवांस्ड स्टडी एंड प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी में फर्नहोल्ज संयुक्त प्रोफेसर भार्गव भट्ट को प्रदान किया जाएगा। भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में इस बार मुकुंद थताई को इन्फोसिस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

सामाजिक विज्ञान (सोशल साइंजेंस) के क्षेत्र में कोलंबिया विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर करुणा मंतेना का नाम तय किया गया है।

First Published : November 15, 2023 | 10:55 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)