भारत की दूसरी सबसे बड़ी दोपहिया निर्माता होंडा मोटरसाइकल ऐंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2022 में 604 प्रतिशत तक बढ़कर 1,000 करोड़ रुपये रहा, भले ही उसकी बिक्री 5 प्रतिशत तक गिरकर 38 लाख वाहन रह गई। उद्योग के सूत्रों का कहना है कि कंपनी वित्त वर्ष 2022 के दौरान मुख्य तौर पर कई बार की गई कीमत वृद्धि की मदद से अपना शुद्ध लाभ बढ़ाने में सक्षम रही थी।
उदाहरण के लिए, होंडा ऐक्टिवा 6जी एसटीडी की कीमत वित्त वर्ष 2022 के शुरू में 66,799 रुपये (एक्स-शोरूम) थी, लेकिन कई कीमत वृद्धि के बाद वित्त वर्ष के अंत तक यह बढ़कर 70,599 रुपये हो गई। एचएमएसआई ने इस बारे में बिजनेस स्टैंडर्ड द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘कीमत वृद्धि लागत दबाव से निपटने के लिए की गई थी, लेकिन यह स्पष्ट है कि इससे कंपनी के मुनाफे को भी मदद मिली।’ कंपनी का बिक्री कारोबार वित्त वर्ष 2022 में 0.3 प्रतिशत तक घटकर 21,093 करोड़ रुपये रह गया।
एचएमएसआई के निदेशक ने कंपनी पंजीयक (आरओसी) को सौंपी अपनी रिपोर्ट में कहा है, ‘नरमी के संकेत के बावजूद, वित्त वर्ष 2022 में मांग और आपूर्ति से संबंधित चुनौतियों की वजह से व्यावसायिक रफ्तार लगातार प्रभावित हुई।’ रिपोर्ट में कहा गया है कि जहां वित्त वर्ष 2022 की पहली तिमाही पूरे डीलर नेटवर्क के लिए उत्साहजनक थी, वहीं दूसरी तिमाही में हालात सामान्य होने के संकेत दिखे, क्योंकि एचएमएसआई ने नए उत्साह के साथ त्योहारी सीजन में प्रवेश किया।
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘दबाव की भरपाई करने से जुड़ी पिछली चुनौतियों के बीच तीसरी और चौथी तिमाहियों में सुधार के नए संकेत दिखे।’ एचएमएसआई ने वित्त वर्ष 2018 में 1,983 करोड़ रुपये का अपना सर्वाधिक शुद्ध लाभ और 61 लाख वाहनों की बिक्री का आंकड़ा दर्ज किया था।
वित्त वर्ष 2022 के दौरान, एचएमएसआई ने विभिन्न देशों को 332,942 वाहनों का निर्यात किया। इन देशों में मुख्य तौर पर बांग्लादेश, नेपाल, मैक्सिको, गुआटेमाला, कोलंबिया, जापान, पेरू, संयुक्त अरब अमीरात, अल सल्वाडोर और इटली शामिल हैं। इससे एचएमएसआई को वित्त वर्ष के दौरान विदेशी मुद्रा में 1,644 करोड़ रुपये कमाने में मदद मिली। कंपनी ने कहा है कि वह क्षेत्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति का विस्तार बरकरार रखेगी और वह अब गुजरात में 50 लाख से ज्यादा दोपहिया ग्राहकों और कर्नाटक में 40 लाख से ज्यादा ग्राहकों का भरोसा जीत चुकी है।
एचएमएसआई ने कहा है कि उसने देश के शहरी तथा ग्रामीण ग्राहकों की जरूरतें पूरी करने के लिए अपना नेटवर्क तेजी से बढ़ाएगी और वित्त वर्ष 2022 में 11 नए अधिकृत डीलर जोड़ेगी। इस साल मार्च के अंत तक, भारत में कंपनी के कुल अधिकृत मुख्य डीलरों की संख्या 1,025 थी। इसके अलावा, कंपनी ने वित्त वर्ष 2022 के दौरान देश में 119 अतिरिक्त सहायक डीलर और 239 अतिरिक्त अधिकृत सर्विस सेंटर स्थापित किए।
एचएमएसआई के मुख्य कार्याधिकारी एवं प्रबंध निदेशक अतसुशी ओगाता ने 15 सितंबर को पत्रकारों से कहा था कि भारत में दोपहिया की कुल स्वामित्व लागत नए उत्सर्जन मानकों, उन्नत ब्रेक प्रणालियों के लिए नए सुरक्षा नियमों और जिंस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की वजह से पिछले पांच साल में तेजी से बढ़ी है।