कंपनियां

साउथ इंडिया में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट खोलने की योजना बना रही Dabur

डाबर इंडिया पश्चिम एशिया और यूरोप जैसे क्षेत्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी विनिर्माण गतिविधियों का विस्तार करने की भी योजना बना रही है।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 19, 2023 | 6:48 PM IST

दैनिक उपयोग के घरेलू उत्पाद (एफएमसीजी) और आयुर्वेदिक उत्पाद बनाने वाली प्रमुख कंपनी डाबर एक साल के अंदर दक्षिण भारत में नई विनिर्माण इकाई स्थापित करने की योजना बना रही है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मोहित मल्होत्रा ने कहा कि क्षेत्र में कंपनी का कारोबार बढ़ रहा है।

मल्होत्रा ने पीटीआई-भाषा से कहा कि डाबर की कुल घरेलू बिक्री का 20 प्रतिशत दक्षिण भारत से आता है और इस क्षेत्र में कंपनी का कारोबार पिछले पांच-छह साल में दोगुना हुआ है। उन्होंने कहा कि कंपनी मांग को पूरा करने के लिए अपनी क्षमता को और बढ़ा रही है और नए क्षेत्र जोड़कर अपनी विनिर्माण गतिविधियों में विविधता ला रही है।

डाबर की देशभर में 13 विनिर्माण इकाइयां हैं। डाबर इंडिया पश्चिम एशिया और यूरोप जैसे क्षेत्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी विनिर्माण गतिविधियों का विस्तार करने की भी योजना बना रही है।

कंपनी का वार्षिक पूंजीगत व्यय लगभग 350-450 करोड़ रुपये है। डाबर के सीईओ ने कहा कि इसके अलावा, कंपनी अपने विनिर्माण परिचालन को मजबूत कर रही है। कुछ इकाइयों को बंद कर दिया है, जहां कर लाभ समाप्त हो रहे हैं, और नई इकाइयां चालू की जा रही हैं, जहां जीएसटी लागू हो रहा है।

First Published : November 19, 2023 | 6:48 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)