मुंबई मुख्यालय वाली कंपनी सिप्ला ने परिचालन से राजस्व में 18 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की है। वहीं भारत और उभरते देशों में मजबूत वृद्धि के बीच कंपनी का कर के बाद लाभ दिसंबर तिमाही में दोगुने से ज्यादा बढ़ा है। परिचालन से कुल 5,169 करोड़ रुपये राजस्व आया है और शुद्ध लाभ 768 करोड़ रुपये रहा है, जो 113 प्रतिशत ज्यादा है। एबिटा 1,281 करोड़ रुपये रहा है, जो 69 प्रतिशत ज्यादा है। सिप्ला के एमडी और वैश्विक सीईओ उमंग वोहरा ने कहा कि सभी बाजारों में मजबूती से काम और लागत को प्रभावी बनाने की लगातार कवायदों से सिप्ला के राजस्व में 18 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है और 24.8 प्रतिशत का उच्च एबिटा मॉर्जिन रहा है।
डॉ रेड्डीज को तीसरी तिमाही में 27.9 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ
डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत आधार पर 27.9 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। कंपनी को साल भर पहले की समान तिमाही में 538.4 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी ने शेयर बाजारों को इसकी जानकारी दी। कंपनी ने कहा कि आलोच्य तिमाही के दौरान परिचालन से उसका कुल राजस्व 4,941.9 करोड़ रुपये रहा, जो साल भर पहले के 4,397.1 करोड़ रुपये से 12.38 प्रतिशत अधिक है। डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज के को-चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) जीवी प्रसाद ने कहा, हमने ब्याज व कर आदि से पहले की कमाई में वृद्धि की गति को बरकरार रखा है। कुछ नए अधिग्रहण की वजह से लाभ पर थोड़ा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी स्पूतनिक-वी टीके के तीसरे चरण के नैदानिक परीक्षणों में अच्छी प्रगति कर रही है। डॉ रेड्डीज लैब का शेयर बीएसई पर 3.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,726.60 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
ल्यूपिन को दिसंबर तिमाही में138.25 करोड़ का शुद्ध लाभ
दवा कंपनी ल्यूपिन को 31 दिसंबर 2020 को समाप्त तिमाही में 438.25 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हुआ है। कंपनी ने बृहस्पतिवार की देर रात बीएसई को इसकी जानकारी दी। कंपनी ने कहा कि उसे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 835 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी ने बताया कि उसे आलोच्य अवधि के दौरान परिचालन से 3,917.30 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। साल भर पहले की इसी अवधि में यह 3,716.09 करोड़ रुपये रहा था। ल्यूपिन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एमडी) नीलेश गुप्ता ने कहा, हमने बेहतर लाभ और टिकाउ कारोबार वृद्धि की गति को बरकरार रखा है। ल्यूपिन लिमिटेड का शेयर बीएसई पर 2.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,020.95 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
वॉकहार्ट का मुनाफा तीसरी तिमाही में 69 प्रतिशत बढ़ा
दवा कंपनी वॉकहार्ट ने शुक्रवार को बताया कि 31 दिसंबर 2020 को खत्म हुई चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान उसका शुद्ध लाभ 68.66 प्रतिशत बढ़कर 32.40 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी को इससे पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान 19.21 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। वॉकहार्ट ने शेयर बाजार को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय 12.89 प्रतिशत बढ़कर 864.56 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले साल की समान अवधि में 765.80 करोड़ रुपये थी। वॉकहार्ट ने कहा कि वित्त वर्ष 2020-21 की तीसरी तिमाही में तिमाही के दौरान उसने ब्रिटेन में 301 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 38 प्रतिशत अधिक है। कंपनी की वैश्विक आय में ब्रिटेन के कारोबार की 39 प्रतिशत हिस्सेदारी रही।
कोलगेट पामोलिव इंडिया का शुद्ध लाभ 25 प्रतिशत बढ़ा
दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कोलगेट-पामोलिव (इंडिया) का शुद्ध लाभ दिसंबर 2020 को समाप्त तीसरी तिमाही में 24.74 प्रतिशत बढ़कर 248.36 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने गुरुवार को कहा कि एक साल पहले इसी तिमाही में उसे 199.1 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। कोलगेट-पामोलिव (इंडिया) ने बीएसई को बताया कि समीक्षाधीन अवधि में कुल आय 1,241.81 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले की तिमाही के 1,152.97 करोड़ रुपये से 7.70 प्रतिशत अधिक है।
टाटा मोटर्स का शुद्ध लाभ 68 प्रतिशत बढ़ा
घरेलू वाहन कंपनी टाटा मोटर्स को चालू वित्त वर्ष की दिसंबर में समाप्त तीसरी तिमाही में एकीकृत आधार पर 2,941.48 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ। यह साल भर पहले की समान तिमाही के 1,755.88 करोड़ रुपये की तुलना में 67.52 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया कि आलोच्य तिमाही के दौरान उसका कुल राजस्व साल भर पहले के 71,676.07 करोड़ रुपये की तुलना में बढ़कर 75,653.79 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी को एकल आधार पर चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 638.04 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। एक साल पहले की अवधि में यह 1,039.51 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि इस दौरान एकल आधार पर राजस्व 10,842.91 करोड़ रुपये की तुलना में बढ़कर 14,630.60 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ब्रिटिश इकाई जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) को इस दौरान 43.9 करोड़ पाउंड का कर पूर्व लाभ हुआ। यह लाभ साल भर पहले की समान तिमाही में 12.1 करोड़ पाउंड था।
टेक महिंद्रा का लाभ 14.3 प्रतिशत बढ़ा
आईटी सेवा कंपनी टेक महिंद्रा का दिसंबर, 2020 में समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 14.3 प्रतिशत बढ़कर 1,309.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। मुंबई की कंपनी ने इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,145.9 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
टेक महिंद्रा ने शुक्रवार को बयान में कहा कि तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 9,647.1 करोड़ रुपये पर लगभग स्थिर रही।
इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 9,654.6 करोड़ रुपये रही थी चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही की तुलना में टेक महिंद्रा का शुद्ध लाभ 23 प्रतिशत बढ़ा है। सितंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 1,064.6 करोड़ रुपये रहा थी। इसी तरह सितंबर तिमाही की तुलना में कंपनी की आय 2.9 प्रतिशत अधिक रही है।
सितंबर तिमाही में कंपनी की आय 9,371.8 करोड़ रुपये रही थी। तिमाही के दौरान कंपनी की प्रति शेयर कमाई (ईपीएस) 14.9 रुपये रही। भाषा