बीएस बातचीत
बॉम्बार्डियर ट्रांसपोर्टेशन (इंडिया) द्वारा आगरा और कानपुर मेट्रो लाइनों के लिए उपकरण आपूर्ति और सिग्नलिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का 2,051 करोड़ रुपये का ठेका हासिल करने की घोषणा के एक दिन बाद उसके प्रबंध निदेशक राजीव जोइसर ने मेघा मनचंदा के साथ बातचीत में अन्य मेट्रो परियोजनाओं और सरकार द्वारा निजी ट्रेन ऑपरेटरों को अनमुति देने के निर्णय से पैदा हुए व्यावसायिक अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। पेश हैं उनसे हुई बातचीत के मुख्य अंश:
कंपनी की आगामी परियोजनाएं क्या हैं?
बॉम्बार्डियर ने भारत में निर्माण इकाइयों, स्थानीय प्रतिभाओं, विकासशील स्थानीय आपूर्तिकर्ता आधार, तेजी से बढ़ रहीं इंजीनियरिंग क्षमताओं तथा परियोजनाओं में नई प्रौद्योगिकियों के जरिये दीर्घावधि आधार पर निवेश करने का लक्ष्य रखा है। हमने कुछ मेट्रो और रेलवे परियोजनाओं के लिए जारी निविदाओं में हिस्सा लिया है और कुछ खास बोलियों पर विचार हो रहा है। हम सौंपी गई इन बोलियों के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।
क्या आपके ऑर्डरों में विलंब हुआ है?
बॉम्बार्डियर हमेशा से समय पर डिलिवरी में भरोसा रखती है और हमें उम्मीद है कि कोरोनावायरस संकट के बावजूद, हम 2021 के अंत तक परियोजनाएं पूरी करने में सक्षम रहेंगे। हम चालू वर्ष के अंत तक दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के लिए भी 40 मेट्रो डिब्बों की डिलिवरी करेंगे। बॉम्बार्डियर दिल्ली मेट्रो के लिए डिब्बों की आपूर्ति करने वाली सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ताओं में से एक है और उसने 776 मेट्रो डिब्बों की डिलिवरी की है। उसने 2007 से मिले 1.25 अरब डॉलर से अधिक के ऑर्डरों के साथ 10 साल के लिए दिल्ली मेट्रो के साथ भागीदारी की है।
क्या आप निजी ट्रेन ऑपरेटरों के संबंध में केंद्र के निर्णय को व्यावसायिक अवसर के तौर पर देखते हैं?
व्यापक ट्रांजिट सिस्टम, 50 से ज्यादा शहरों में मेट्रो, भारतीय रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण, सेमी-हाई स्पीड और हाई-स्पीड ट्रेनों ने भारतीय परिवहन व्यवस्था को अनुकूल बनाए जाने की शानदार संभावना पेश की है। यह हमारे और उन अन्य कंपनियों के लिए अच्छा अवसर है जिनकी भारत में निर्माण इकाइयां हैं। यहां निर्माण आधार के साथ, आपूर्ति शृंखला कोई समस्या नहीं है।
क्या कोविड-19 से संबंधित लॉकडाउन ने आपकी कंपनी के लिए खरीदारी को लेकर समस्या पैदा की हैं।
लॉकडाउन के पिछले चरणों के दौरान, आपूर्ति शृंखला के संदर्भ में कुछ खास चुनौतियां थीं, क्योंकि यूरोप पूरी तरह बंद था और वहां से कुछ कलपुर्जे नहीं आ रहे थे। अब, हालात में सुधार आया है और परिचालन पूरी तरह बहाल होने लगा है। हम अपने आपूर्तिकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं और उम्मीद है कि हम मांग को पूरा करेंगे।
मौजूदा ‘न्यू नॉर्मल’ में कंपनी के लिए क्या बदलाव आया है?
यह पूरी तरह से अलग समय है, जिसके बारे में किसी ने कभी कल्पना नहीं की थी। वर्क-फ्रॉम-होम न्यू नॉर्मल यानी अब सामान्य बात है और हम भी अपने ज्यादातर कर्मियों को इसकी अनुमति देकर इस पर अमल कर रहे हैं। जहां तक निर्माण इकाइयों का सवाल है, तो शुरू में हमें हर दिन सिर्फ एक पाली में काम करना पड़ा था। लेकिन अब हम कर्मियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखकर दो पालियों में परिचालन कर रहे हैं।