अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेना ने रविवार को ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के खिलाफ नए हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, इस कार्रवाई का मकसद ईरान को तुरंत सजा देना और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल के टैंकरों को रोकने के ईरानी प्रयासों को खत्म करना है।
यह ताजा सैन्य कार्रवाई जॉर्डन में हुए उस हमले के जवाब में की गई है, जिसमें दो अमेरिकी सैनिकों की जान चली गई थी, एक लापता है और चार अस्पताल में भर्ती हैं। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी ‘IRNA’ ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि दक्षिणी होरमोज्गान प्रांत के सिरिक इलाके में तड़के करीब 1:30 बजे अमेरिका ने बमबारी की। युद्ध की शुरुआत के बाद यह पहला मौका है जब सीधे ईरानी हमले में अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई है। अब तक इस जंग में 16 अमेरिकी सैनिक मारे जा चुके हैं और 430 से अधिक घायल हुए हैं।
इस जंग की आग अब पड़ोसी देशों तक भी फैल चुकी है। इराक के उत्तरी कुर्द क्षेत्र की राजधानी इरबिल में एक कुर्दिश विद्रोही समूह (कुर्दिस्तान फ्रीडम पार्टी) के बेस पर ड्रोन हमला हुआ, जिसमें आठ लोग घायल हो गए। पिछले चार दिनों से इरबिल में लगातार धमाके हो रहे हैं। यह तनाव ऐसे समय में बढ़ा है जब इराक के नए प्रधानमंत्री अली अल-जैदी हाल ही में वाशिंगटन के दौरे पर गए थे।
दूसरी ओर, कुवैत में ईरानी हमलों ने भारी तबाही मचाई है। वहां के एक तेल कारखाने और पानी को साफ करने वाले (डीसैलिनेशन) प्लांट को निशाना बनाया गया है। रेगिस्तानी देश होने के कारण कुवैत अपनी 90 प्रतिशत पीने के पानी की जरूरत के लिए इसी प्लांट पर निर्भर है। इस हमले के बाद वहां बिजली उत्पादन ठप हो गया और आग बुझाने के दौरान कई कर्मचारी व फायरफाइटर घायल हो गए। सुरक्षा को देखते हुए कुवैत ने अपना हवाई क्षेत्र भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया।
इस बीच जॉर्डन और इराक ने अपनी सीमाओं में आ रहे ईरानी मिसाइलों और ड्रोनों को मार गिराने का दावा किया है। खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) ने नागरिक ठिकानों और बुनियादी ढांचे पर किए गए इन हमलों को ईरान का युद्ध अपराध बताया है।
अमेरिका की इस सैन्य कार्रवाई से ठीक पहले ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई ने अमेरिका को सीधे शब्दों में चेतावनी दी। सरकारी टीवी पर प्रसारित उनके संदेश में कहा गया कि अगर अमेरिका ने अपने हमले नहीं रोके, तो उसे ऐसे ‘न भूलने वाले सबक’ सिखाए जाएंगे जिसे वह हमेशा याद रखेगा।
इसके साथ ही ईरान ने साफ कर दिया है कि करीब एक महीने पहले युद्ध को हमेशा के लिए रोकने के मकसद से जो अंतरिम समझौता हुआ था, वह अब पूरी तरह टूट चुका है। ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि अमेरिका ने खुद शर्तों का उल्लंघन किया है, इसलिए ईरान अब इस समझौते की किसी भी बात को मानने के लिए बाध्य नहीं है।