कंपनियां

एआई इंजीनियरिंग सर्विस MRO सौदे के लिए चार विदेशी एयरलाइंस के संपर्क में

वर्तमान में AIESL एयर इंडिया और स्पाइसजेट सहित विभिन्न एयरलाइंस के विमानों के लिए रखरखाव का काम करती है

Published by
भाषा   
Last Updated- November 19, 2023 | 3:04 PM IST

सार्वजनिक क्षेत्र की एआई इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (AIESL) तेजी से बढ़ रहे नागर विमानन क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करना चाहती है और रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (MRO) सेगमेंट की सेवाओं के लिए तीन से चार विदेशी एयरलाइंस से बात कर रही है।

MRO सेगमेंट की प्रमुख कंपनी AIESL दीर्घकालिक अनुबंध के लिए एक प्रमुख घरेलू एयरलाइन से भी बात कर रही है। सरकार अपने स्वामित्व वाली इस कंपनी का विनिवेश करना चाह रही है।

कंपनी ने पिछले तीन साल में लगभग 2,000 करोड़ रुपये का औसत वार्षिक राजस्व अर्जित किया है। AIESL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शरद अग्रवाल ने कहा कि कंपनी ने सितंबर से कुवैत एयरवेज के विमानों की जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा, “वर्तमान में AIESL एयर इंडिया और स्पाइसजेट सहित विभिन्न एयरलाइंस के विमानों के लिए रखरखाव का काम करती है… हम दीर्घकालिक अनुबंध के लिए एक अग्रणी विमानन कंपनी के साथ बातचीत कर रहे हैं। इसके अलावा तीन-चार विदेशी एयरलाइंस के साथ भी MRO कार्यों के लिए बात चल रही है।”

इंडिगो के कुछ विमानों का रखरखाव भी AIESL कर रही है। AIESL को बोइंग 737 मैक्स विमानों के लिए कुछ जांच करने के लिए सरकार से मंजूरी भी मिल गई है।

First Published : November 19, 2023 | 3:04 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)