अदाणी ग्रीन का लाभ 10 गुना बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 2:07 AM IST

अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) का शुद्ध लाभ जून 2021 में समाप्त तिमाही के दौरान एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 10 गुना बढ़कर 219 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 1,079 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले की समान अवधि में 878 करोड़ रुपये रही थी।  कंपनी ने एक बयान में कहा है कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान उसने कुल 200 मेगावॉट की अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं को चालू किया।
कंपनी ने कहा, ‘एजीईएल 3.5 अरब डॉलर के एंटरप्राइज मूल्य पर एसबी एनर्जी के 5 गीगावॉट क्षमता वाले भारतीय अक्षय ऊर्जा पोर्टफोलियो के अधिग्रहण करने की प्रक्रिया में है। यह भारत के अक्षय ऊर्जा क्षेत्र का सबसे बड़ा विलय-अधिग्रहण सौदा होगा।’ अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, ‘एसबी एनर्जी के उच्च गुणवत्ता वाले अक्षय ऊर्जा पोर्टफोलियो के अधिग्रहण से दुनिया की सबसे बड़ी सौर ऊर्जा कंपनी के तौर पर हमारी स्थिति कहीं अधिक सुदृढ़ होगी।’ एजीईएल ने 2018 से 2020 के दौरान विंड वन एनज रीनर्जी लिमिटेड, विंड थ्री रीनर्जी प्राइवेट लिमिटेड और विंड फाइव रीनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के 100 फीसदी अधिग्रहण के लिए आईनॉक्स ग्रुप के साथ  शेयर खरीद समझौते (एसपीए) पर हस्ताक्षर किए हैं।

First Published : August 4, 2021 | 11:46 PM IST