फोक्सवैगन फाइनैंशियल सर्विसेज की कंपनी फोक्सवैगन फाइनैंस प्राइवेट लिमिटेड (वीडब्ल्यूएफपीएल) इंडिया ने चेन्नई स्थित केयूडब्ल्यूवाई टेक्नॉलोजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में बहुलांश हिस्सेदारी हासिल करते हुए अपनी शेयरधारिता में इजाफा किया है।
कंपनी ने इस सौदे के मूल्य और अन्य जानकारी का खुलासा नहीं किया है। हालांकि कंपनी ने कहा है कि अधिग्रहण उपरांत हिस्सेदारी 50.84 प्रतिशत होगी। इससे पहले सितंबर 2019 में वीडब्ल्यूएफपीएल ने कंपनी में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की थी। केयूडब्ल्यूवाई त्वरित ऋण देने वाला डिजिटल प्लेटफॉर्म है और इस अधिग्रहण के जरिये फोक्सवैगन फाइनैंस प्राइवेट लिमिटेड कार ऋण से संबंधित केयूडब्ल्यूवाई के देश भर में फैले नेटवर्क के जरिये अपने नई-पुरानी कार कारोबार में विस्तार करेगी। यह अधिग्रहण फोक्सवैगन ग्रुप की वीडब्ल्यूएफपीएल की रणनीति – इंडिया 2.0 के अनुरूप है।
फोक्सवैगन फाइनैंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्याधिकारी आशीष देशपांडे ने कहा कि केयूडब्ल्यूवाई में हमारा निवेश रणनीतिक प्रकृति वाला है, क्योंकि हमारा इरादा केयूडब्ल्यूवाई को अपनी भारत की रणनीति का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा बनाने का है। इस गठजोड़ के जरिये वीडब्ल्यूएफपीएल केयूब्ल्यूवाई के देश भर में फैले नेटवर्क और तकनीकी प्लेटफार्म के माध्यम से अपने नई-पुरानी कार कारोबार का विकास करेगी।