मार्च तक नई फसल आने से चना होगा सस्ता

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 11:55 PM IST

देश में उगाई जाने वाली दालों में सबसे खास किस्म चना मार्च में सस्ता हो सकता है।
हाल की एक ताजा रिर्पोट के मुताबिक मार्च तक दक्षिणी राज्यों, मध्य प्रदेश और राजस्थान से शुरुआती फसल आने का अनुमान है। इसी वजह से चने के सस्ता होने की संभावना बढ़ गई है।
फिलहाल चने की कीमत 2,200 रुपये प्रति क्विंटल है। दिल्ली की एक ब्रोकरेज कंपनी एसएमसी ग्लोबल की एक ताजा जारी रिर्पोट के मुताबिक अगले महीने इसकी कीमतों में गिरावट देखी जा सकती है। चने की ताजा फसल फरवरी के दूसरे पखवाड़े से मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और कर्नाटक से आनी शुरू हो जाएगी।
चने की कटाई अप्रैल तक होती है। चने की बुआई 83.6 लाख हेक्टेयर में हुई है। हालांकि उत्तरी भारत में कड़ाके की ठंड का असर खड़ी फसलों पर भी पड़ा है। लेकिन आधिकारिक आंकड़ों की मानें तो इस साल 59-60 लाख टन चने के उत्पादन का अनुमान है।
एसएमसी ग्लोबल रिर्पोट की मानें तो वर्ष 2008 में शुरुआती के दो महीने में काफी तेजी का रुख रहा और फरवरी के अंत तक चने की कीमतें 2,200 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 2,900 प्रति क्विंटल हो गई। लेकिन मार्च में फसल के आने के बाद कीमतों में तेजी से गिरावट आई।
चालू वर्ष में कीमतें सुधार की राह पर हैं और फरवरी के अंत तक इसके 2,500 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है लेकिन एक बार आपूर्ति शुरू हो जाने के बाद मार्च में कीमतों में गिरावट आ सकती है।  गौरतलब है कि देश में दलहनों के उत्पादन में चना का हिस्सा 40 प्रतिशत है।

First Published : February 4, 2009 | 1:20 PM IST