LPG Cylinder Restrictions: पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने के बाद केंद्र सरकार ने औद्योगिक और व्यावसायिक उपयोग वाले एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पर लगी सभी पाबंदियां समाप्त कर दी हैं। सरकार के इस फैसले से होटल, रेस्तरां, कैटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि गैर घरेलू पैक्ड एलपीजी की आपूर्ति अब उसी स्तर पर बहाल कर दी गई है, जिस स्तर पर पश्चिम एशिया में संकट शुरू होने से पहले की जाती थी। मंत्रालय के मुताबिक एलपीजी की उपलब्धता में सुधार को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
सरकार ने तेल विपणन कंपनियों को व्यावसायिक और औद्योगिक एलपीजी उपभोक्ताओं का विस्तृत रिकॉर्ड बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी कंपनियों के बीच एक साझा सेक्टोरल डेटाबेस भी तैयार किया जाएगा, ताकि आपूर्ति की बेहतर निगरानी और योजना बनाई जा सके।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन व्यावसायिक और बड़े उपभोक्ताओं ने पहले ही पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी अपना ली है, वे उसी का उपयोग जारी रखेंगे। वहीं जिन एलपीजी उपभोक्ताओं के पास पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध है या जो पीएनजी पर स्थानांतरित होने की प्रक्रिया में हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पीएनजी से जोड़ा जाएगा। यह प्रक्रिया सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के सहयोग से पूरी की जाएगी।
पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण मार्च की शुरुआत में एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने पर सरकार ने कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए थे। बाद में हालात सुधरने पर चरणबद्ध तरीके से राहत दी गई और आपूर्ति को पहले के मुकाबले 70 प्रतिशत तक बहाल किया गया था। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी अतिरिक्त आवंटन दिया गया था, ताकि पीएनजी की ओर बदलाव की प्रक्रिया तेज हो सके।
सरकार ने वह निर्देश भी वापस ले लिया है, जिसके तहत प्रोपेन और ब्यूटेन का उपयोग केवल घरेलू एलपीजी उत्पादन के लिए सीमित किया गया था। इस फैसले से इन दोनों ईंधनों का उपयोग करने वाले अन्य उद्योगों को भी राहत मिलेगी और उनकी आपूर्ति संबंधी दिक्कतें कम होने की उम्मीद है।