लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना को महिला एकल के दूसरे राउंड में दुनिया की पूर्व नंबर एक चीनी खिलाड़ी वांग लिन से 19 . 21 15 . 21 से जबकि जयराम को पुरूष एकल में दुनिया के नंबर एक ली चोंग वेई से 18 . 21 19 . 21 से हार का मुंह देखना पड़ा।
पुरूष एकल वर्ग में कश्यप का अभियान भी निराशाजनक तरीके से समाप्त हो गया। कश्यप ने पेट में दर्द के कारण इंडोनेशिया के टामी सुगियार्तो के खिलाफ पहले गेम में 6 . 11 के स्कोर पर हटने का फैसला किया। कश्यप ने इससे पहले दुनिया के 10वें नंबर के डेनमार्क के खिलाड़ी जान जोर्गेनसन को हराकर उलटफेर किया था।
दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी साइना वांग के स्मैश का सामना नहीं कर सकी और दुनिया की मौजूदा 61 नंबर की खिलाड़ी से 37 मिनट में हार गयी।
घुटने की समस्या के कारण साइना पिछले हफ्ते चाइना मास्टर्स नहीं खेल सकी थी। यहां वापसी करने के बाद वह अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म में नहीं दिख रही थी, जिसका अंदाजा इस बात से हो सकता है कि उन्होंने इस चीनी खिलाड़ी के खिलाफ 10 में से केवल पांच स्मैश विनर लगाये।
जारी भाषा