असम की राजधानी गुवाहाटी में नौ जुलाई को हुई छेड़खानी के मामले के मुख्य आरोपी अमर ज्योति कलीता को आज वाराणसी से यहां लाया गया।
कलीता को लेकर पुलिस दल आज शाम छह बजे यहां कोलकाता से विमान से पहुंचा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हवाई अड्डा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
वाराणसी गए असम पुलिस के दल का नेतृत्व करने वाले पुलिस अधीक्षक :अभियान: रंजन भुइयां ने लोकप्रिय गोपीनाथ बोर्दोलोई हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि वाराणसी की सीजेएम अदालत से पांच दिन का ट्रांजिट वारंट हासिल किया गया है और उसके आधार पर कलीता को गुवाहाटी लाया गया है।
कामरूप मेट्रो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ए के तिवारी ने प्रेस ट्रस्ट से कहा कि कलीता को आज या कल अदालत के समक्ष पेश किए जाने की संभावना है।
तिवारी ने कहा, अगर आज समय रहा तो हम उसे आज अदालत के समक्ष पेश करेंगे। अन्यथा ऐसा कल किया जाएगा।
पूर्व सरकारी कर्मचारी कलीता को गत 23 जुलाई को उत्तर प्रदेश पुलिस ने वाराणसी में पकड़ा था। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही घटना में पहचाने गए 17 लोगों में से 14 को हिरासत में लिया जा चुका है।
हिरासत में लिए गए 14 में से आठ लोगों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इसमें स्थानीय टीवी चैनल का रिपोर्टर गौरव ज्योति नियोग भी शामिल है।
भाषा