राष्ट्रमंडल निर्वाचन प्रबंधन समूह की संचालन समिति ने लंदन में हुई अपनी बैठक में फैसला किया कि उसके सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी भारत को सौंपी जाए ।
भारतीय अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान : आईआईडीईएम : अगले तीन सालों की अवधि में राष्ट्रमंडल अधिकारियों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा।
निर्वाचन आयुक्त एच एस ब्रह्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के समय , तौर तरीकों तथा अन्य विषयों की रूपरेखा राष्ट्रमंडल सचिवालय के साथ विचार विमर्श के साथ अगले महीने के भीतर तय कर ली जाएगी।
ब्रह्मा ने सप्ताहांत में लंदन में संचालन समिति में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
उन्होंने बताया कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया, केन्या तथा कुछ अन्य देशों से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को हासिल करने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा।