चीन के स्मार्टफोन ऐप BAT-BMS के जरिए ई-रिक्शा को दूर से बंद (रिमोट शटडाउन) किए जाने की आशंकाओं के बीच केंद्र सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है। सरकार ने बताया कि उसके संज्ञान में ऐसे दो मोबाइल ऐप आए थे, जिन्हें अब ऐप स्टोर से हटा दिया गया है।
सरकार ने ऐप स्टोर कंपनियों को भविष्य में ऐसे संभावित रूप से खतरनाक ऐप्स को लेकर अधिक सतर्क रहने की सलाह दी है। आईटी सचिव एस. कृष्णन ने शुक्रवार को सीआईआई साइबर सिक्योरिटी समिट के दौरान कहा कि ऐप स्टोर्स को किसी भी ऐप को अपने प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने से पहले उचित जांच-पड़ताल (ड्यू डिलिजेंस) करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे को ऐप स्टोर संचालकों के साथ भी उठाएगी। ताकि साइबर सुरक्षा के लिए खतरा बन सकने वाले ऐप्स को प्लेटफॉर्म पर जगह न मिले। उन्होंने कहा “हमारे संज्ञान में ऐसे दो ऐप आए थे और दोनों को ऐप स्टोर्स से हटा दिया गया है।”
यह मामला गुरुवार को उस समय सुर्खियों में आया, जब ऐसी खबरें सामने आईं कि चीन के स्मार्टफोन ऐप BAT-BMS से जुड़े रिमोट शटडाउन फीचर के जरिए कुछ ई-रिक्शा को दूर से बंद किया जा सकता है।
Also Read: भारतीय रियल एस्टेट पर निवेशकों का दाव, H1 में निवेश 6 साल के हाई पर
इससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इंटरनेट से जुड़े वाहन प्रबंधन सिस्टम की साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक चिंता पैदा हो गई। लोगों ने आशंका जताई कि यदि ऐसे सिस्टम का दुरुपयोग किया गया, तो वाहनों के संचालन और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।