विदेश राज्य मंत्री ई अहमद अपने नेतृत्व में भारतीय हज सद्भावना प्रतिनिधिमंडल को लेकर कल सउदी अरब रवाना होंगे ।
सउदी अरब में भारत के राजदूत हामिद अली राव भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल होंगे।
अहमद पूर्व में दिसंबर 2006 में हज प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर चुके हैं ।
बीस अक्तूबर तक कुल एक लाख 23 हजार 111 भारतीय जायरीन हज के लिए रवाना हो चुके हैं ।
इनमें से एक लाख 23 हजार 25 जायरीन मक्का में हैं और 86 मदीना में हैं । भारत से अब तक 424 उड़ानें सउदी अरब पहुंच चुकी हैं और 5934 तीर्थयात्री मक्का से मदीना जा चुके हैं ।
जेद्दाह स्थित महावाणिज्य दूतावास से जारी बयान के अनुसार 20 अक्तूबर तक भारत के 63 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई । इनमें से 45 भारतीय हज समिति के जरिए आए थे, जबकि 18 निजी टूर ऑपरेटरों के जरिए आए थे ।
मक्का और मदीना स्थित भारतीय हज मिशन कार्यालय, 300 से अधिक स्थानीय कर्मी और भारत से प्रति नियुक्ति पर गए 535 लोग जायरीनों की सेवा में लगे हैं और उनकी शिकायतों तथा सवालों का समाधान कर रहे हैं ।
भाषा