अभिनेता से राजनेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने भोपाल फिल्म सिटी परियोजना से मुंह मोड़ लिया है।
पिछले साल सितंबर महीने में मध्य प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा के बीच गुपचुप वार्ताओं के कई दौर चले थे।
उस समय राज्य सरकार ने शत्रुघ्न सिन्हा का बड़े तहे दिल से स्वागत किया था और परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श हुआ। इसके बाद परियोजना को सैध्दांतिक रूप से मंजूरी भी दे दी गई थी लेकिन इसके बावजूद शॉटगन शत्रुघ्न सिन्हा ने परियोजना से नाता तोड़ लिया है।
उल्लेखनीय है कि इस परियोजना के लिए 430 एकड़ भूमि की पहचान भोपाल के आसपास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल इकाई मुख्यालय के नजदीक की गई थी। बहरहाल, हाल ही में मुंबई के रहने वाले एक व्यापारी ने इस भूमि के प्रति अपनी दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि उस व्यापारी का कहना है कि ‘फिल्म सिटी विकसित करने के लिए यह जमीन पर्याप्त नहीं है।’
सरकारी अधिकारी ने बताया, ‘फिल्म सिटी परियोजना के लिए राज्य सरकार ने बगरोडा गांव में 430 एकड़ जमीन देने का फैसला किया था।’ मध्य प्रदेश आधुनिक केंद्र विकास निगम भोपाल के प्रबंध निदेशक अजय चौबे ने बताया, ‘यह जमीन केवल फिल्म सिटी के लिए आरक्षित है। हम लोग ऐसी मनोरंजन कंपनी का इंतजार कर रहे हैं जो यहां निवेश करे।’