बाजार

Stock Market Today: नए रिकॉर्ड स्तर पर Nifty; Sensex 290 अंक उछला

बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 290.46 अंक चढ़कर 80,809.80 अंक पर पहुंच गया।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 15, 2024 | 10:12 AM IST

घरेलू बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही और निफ्टी अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया जबकि सेंसेक्स 290 अंक चढ़ा। वैश्विक बाजारों में तेजी से भी शेयर बाजार में आशावादी रुख को बल मिला।

बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 290.46 अंक चढ़कर 80,809.80 अंक पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 95.85 अंक की बढ़त के साथ 24,598 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर पर रहा। सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में से एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर में तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी आई।

अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा मोटर्स, मारुति, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी मुनाफे में रहे। टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक के शेयरों को नुकसान हुआ।

एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायदे में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।

अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 85.20 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुक्रवार को लिवाल रहे और शुद्ध रूप से 4,021.60 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर खरीदे।

First Published : July 15, 2024 | 10:12 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)