Categories: बाजार

शेयर बाजार में आई फिर तेजी, सेंसेक्स 250 के पार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 4:23 PM IST

 घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार  के दिन तेजी देखने को मिली । आज शेयर मार्केट में एक बार फिर तेजी का दौर लौट आया। 50 कंपनियों पर आधारित सूचकांक निफ्टी 86.80 अंको की बढ़ोतरी के साथ 17,577.50 पर बंद हुआ यानी निफ्टी-50 में कुल 0.50 फीसदी की तेजी आई।
30 कंपनियों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स में 257.43 अंको की बढ़ोतरी दर्ज की गई यानी सेंसेक्स मे कुल 0.44 फीसदी की तेजी देखी गई। जिससे सेंसेक्स 59,031.30 के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ।
बैंक निफ्टी में 399.90 अंको की तेजी आई  यानी इसमें कुल 1.04 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। जिससे बैंक निफ्टी 38,697.65 की तेजी के साथ बंद हुआ। 
सेंसेक्स के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, टाइटन, टाटा स्टील, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा और इंडसइंड बैंक में तेजी रही। 
दूसरी तरफ, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा, विप्रो और एचडीएफसी बैंक मुख्य रूप से नुकसान में रहे। 
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। 
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। 
अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट सोमवार को नुकसान में रहा। 
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘बाजार में अनिश्चितता को लेकर आशंका साफ दिख रही है। वैश्विक बाजारों में नरमी के रुख के साथ घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। हालांकि मजबूत घरेलू अर्थव्यवस्था कुछ राहत प्रदान कर रही है। 
यूरोप में ऊर्जा के दाम बढ़ने और अमेरिका में नीतिगत दरों में बढ़ोतरी की आशंका से वैश्विक बाजारों में दबाव है।’ 
घरेलू बाजार में बैंक, वाहन और धातु कंपनियों के शेयर लाभ में रहे। जबकि आईटी शेयरों में बिकवाली हुई। 
इसी बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.43 फीसदी की बढ़त के साथ 97.85 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। 
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) ने सोमवार को 453.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। 
 
 

First Published : August 23, 2022 | 4:03 PM IST