घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार के दिन भी मामूली तेजी देखने को मिली। 30 कंपनियों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स में 36.74 अंको की बढ़ोतरी दर्ज की गई यानी सेंसेक्स मे कुल 0.06 फीसदी की तेजी देखी गई। जिससे सेंसेक्स 58,803.33 के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ।
50 कंपनियों पर आधारित सूचकांक निफ्टी में 3.35 अंको की कमी दर्ज की गई। जिससे निफ्टी-50 17,539.45 पर बंद हुआ यानी निफ्टी-50 में कुल 0.02 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
सेंसेक्स के शेयरों में आईटीसी, एचडीएफसी, लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और भारतीय स्टेट बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में मारुति सुजुकी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडसइंड बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले और टाटा स्टील शामिल हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट में लाभ रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख था।
अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त में बंद हुए।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘बाजार आज मजबूत दिशा को लेकर संघर्ष करता दिखा। अमेरिका में रोजगार के आंकड़े जारी होने से पहले वैश्विक बाजारों में बिकवाली दबाव रहा।
रोजगार आंकड़ों से फेडरल रिजर्व के कदम के बारे में महत्वपूर्ण संकेत मिलेगा।’ उन्होंने कहा, ‘तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) और सहयोगी देशों की बैठक से पहले कच्चे तेल के दाम में तेजी रही। ऐसी आशंका है कि वैश्विक स्तर पर कमजोर वृद्धि को लेकर चिंता के बावजूद ओपेक और सहयोगी देश उत्पादन बढ़ाने का निर्णय कर सकते हैं।’
इसी बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.01 प्रतिशत चढ़कर 94.22 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 2,290.31 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। भाषा