स्वतंत्र विद्युत उत्पादक जुनिपर ग्रीन एनर्जी 30 जुलाई को अपना 1,800 करोड़ रुपये का आईपीओ ला रही है।। यह आईपीओ 3 अगस्त को बंद होगा। निर्गम का कीमत दायरा 214 रुपये से 225 रुपये प्रति इक्विटी शेयर है। कंपनी ने बताया कि इस आईपीओ में कम से कम 66 इक्विटी शेयरों और इतने ही शेयरों के मल्टीपल में बोली लगाई जा सकती है। कंपनी ने कहा कि इम्पलॉयी रिजर्वेशन कोटे के तहत पात्र कर्मचारियों को प्रति इक्विटी शेयर 21 रुपये की छूट दी जा रही है। एंकर निवेशकों को एक दिन पहले यानी 29 जुलाई को आवेदन का मौका मिलेगा।
कंपनी अपने कुछ कर्ज चुकाने या समय से पहले भुगतान करने के लिए 683.24 करोड़ रुपये का इस्तेमाल करेगी। वह अपनी सहायक कंपनियों – जुनिपर ग्रीन गामा वन, जुनिपर ग्रीन काइट और जुनिपर ग्रीन पावर फाइव के बकाया ऋणों को चुकाने या समय से पहले भुगतान के लिए उनमें 728.69 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। बची हुई रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट कामों के लिए किया जाएगा।
Also Read: जुलाई में IPO की बरसात, ₹9,275 करोड़ का Manipal Health इश्यू आखिरी बड़ा दांव
इसके बुक रनिंग लीड प्रबंधकों में आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज लिमिटेड, एचएसबीसी सिक्योरिटीज ऐंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, जेएम फाइनैंशियल लिमिटेड और कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड शामिल हैं।
सिंगापुर के इन्वेस्टमेंट ग्रुप एटी कैपिटल ग्रुप की इकाई जुनिपर ग्रीन एनर्जी बड़े स्तर की सोलर, विंड और हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी परियोजनाओं के विकास, निर्माण और परिचालन पर ध्यान केंद्रित कर रही है। जून 2026 तक उसकी चालू अक्षय ऊर्जा क्षमता 2,409 मेगावॉट पीक (एमडब्ल्यूपी) थी और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) क्षमता 503 मेगावॉट आवर (एमडब्ल्यूएच) थी।
कंपनी के चेयरमैन अरविंद टिकू ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कुल पोर्टफोलियो का 83 प्रतिशत हिस्सा विंड-सोलर हाइब्रिड या फर्म और डिस्पैचेबल अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं से जुड़ा हुआ है। निर्माणाधीन परियोजनाओं को मिलाकर उसका कुल पोर्टफोलियो 10,247 एमडब्ल्यूपी है और बीईएसएस पोर्टफोलियो 4,564 एमडब्ल्यूएच है।