आईपीओ

Clean Max Enviro IPO: अगले हफ्ते खुल रहा ₹3100 करोड़ का आईपीओ, प्राइस बैंड हुआ फाइनल; चेक करें सभी डिटेल्स

Clean Max Enviro IPO: कंपनी के दस्तावेज के अनुसार, क्लीन मैक्स एनवायरो का आईपीओ आम निवेशकों के लिए 23 फरवरी (सोमवार) को खुलेगा और 25 फरवरी 2026 (बुधवार) को बंद होगा।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- February 17, 2026 | 12:05 PM IST

Clean Max Enviro IPO: रिन्यूएबल सेक्टर की कंपनी क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस ने अपने आईपीओ का प्राइस बैंड 1,000 रुपये से 1,053 रुपये प्रति शेयर फाइनल कर दिया है। कंपनी ने इश्यू के जरिए कुल 3,100 करोड़ रुपये जुटाना का लक्ष्य रखा है। आईपीओ में 1,200 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल है। इसके तहत करीब 1.14 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं 1,900 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) भी होगा, जिसमें करीब 1.80 करोड़ शेयर बेचे जाएंगे।

ऑफर फॉर सेल के तहत प्रमोटर कुलदीप जैन, बीजीटीएफ वन होल्डिंग्स (डीआईएफसी) और केईएमपीआईएनसी एलएलपी अपने शेयर बेचेंगे। वहीं निवेशक हिस्सेदारी बेचने वालों में ऑगमेंट इंडिया आई होल्डिंग्स और डीएसडीजी होल्डिंग एपीएस शामिल हैं।

क्रिसिल की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्लीन मैक्स एनवायरो भारत की सबसे बड़ी कमर्शियल और इंडस्ट्रियल रिन्यूएबल एनर्जी प्रोवाइड करने वाली कंपनी है। 31 जुलाई 2025 तक कंपनी के पास 2.54 गीगावाट की ऑपरेशनल कैपेसिटी है। इसके अलावा 2.53 गीगावाट की अतिरिक्त कैपेसिटी के लिए समझौते हो चुके हैं, जिन पर काम चल रहा है।

Clean Max Enviro IPO Details

कंपनी के दस्तावेज के अनुसार, क्लीन मैक्स एनवायरो का आईपीओ आम निवेशकों के लिए 23 फरवरी (सोमवार) को खुलेगा और 25 फरवरी 2026 (बुधवार) को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने का दिन आईपीओ खुलने से एक दिन पहले होगा, यानी 20 फरवरी 2026 (शुक्रवार)। शेयरों का अलॉटमेंट 26 फरवरी (गुरुवार) को तय होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयर 2 मार्च (सोमवार) को एनएसई और बीएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।

निवेशक कम से कम 14 शेयरों के एक लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं। यानी प्राइस बैंड के अपर एंड के हिसाब से एक लॉट के लिए खुदरा निवेशक को कम से कम 14,742 रुपये लगाने होंगे। कंपनी ने आईपीओ में 50 प्रतिशत हिस्सा बड़े इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए, 15 फीसदी हिस्सा बड़े गैर-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए और 35 प्रतिशत हिस्सा रीटेक निवेशकों के लिए रिजर्व रखा है।

क्लीन मैक्स एनवायरो आईपीओ का रजिस्ट्रार एमयूएफजी इंटाइम इंडिया है। वहीं इस इश्यू को संभालने वाली प्रमुख संस्थाओं में एक्सिस कैपिटल, जेपी मॉर्गन इंडिया, बीएनपी परिबा, एचएसबीसी सिक्योरिटीज, आईआईएफएल कैपिटल, नोमुरा, बीओबी कैपिटल मार्केट्स और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स शामिल हैं।

कंपनी की फाइनेंशियल हेल्थ कैसी है ?

कंपनी के दस्तावेज के अनुसार, नए शेयर जारी करके मिलने वाली रकम में से 1,125 करोड़ रुपये कंपनी अपने कुछ पुराने कर्ज चुकाने या पहले से चुकाने में लगाएगी। बाकी पैसा कंपनी के सामान्य कामकाज के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

30 सितंबर 2025 को खत्म हुई छह महीने की अवधि में कंपनी की ऑपरेशन से इनकम 932.95 करोड़ रुपये रही और टैक्स के बाद मुनाफा 19 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की ऑपरेशंस से इनकम 1,495.7 करोड़ रुपये रही। यह पिछले वित्त वर्ष के 1,389.83 करोड़ रुपये से 7.6% ज्यादा है। इस दौरान एबिटा से पहले की कमाई 37% बढ़कर 1,015 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल 741.57 करोड़ रुपये थी। कंपनी का नेट मुनाफा 19.42 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल उसे 37.64 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

First Published : February 17, 2026 | 11:59 AM IST