Amir Chand IPO: बासमती चावल का निर्यात करने वाली कंपनी अमीर चंद जगदीश कुमार (एक्सपोर्ट्स) लिमिटेड ने आईपीओ के लिए शेयर प्राइस बैंड फाइनल कर दिए है। इसे 201 से 212 रुपये प्रति शेयर तय किया गया। इश्यू अप्लाई करने के लिए अगले हफ्ते मंगलवार यानी 24 मार्च को खुलेगा। प्राइस बैंड के अपर एंड पर इश्यू का कुल साइज 400 करोड़ रुपये का है। हरियाणा स्थित इस कंपनी का आईपीओ पूरी तरह से नए इक्विटी शेयरों का होगा। इसमें कोई ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल नहीं है।
अमीर चंद जगदीश कुमार के नॉन-लिस्टेड शेयर गुरुवार (19 मार्च) को ग्रे मार्केट में 218 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। यह 212 रुपये के अपर प्राइस बैंड के मुकाबले 6 रुपये या 2.8 प्रतिशत का प्रीमियम दर्शाता है।
कंपनी ने एक आवेदन के लिए शेयरों की अधिकतम संख्या 70 तय की है। रिटेल निवेशकों को 70 शेयरों के एक लॉट के लिए बोली लगाने के लिए न्यूनतम 14,840 रुपये लगाने होंगे।
यह पढ़ें: Jio IPO की उलटी गिनती शुरू? मार्च अंत तक दस्तावेज जमा कर सकती है कंपनी; 17 बैंकों की नियुक्ति
वहीं, कंपनी ने कुल पेशकश का 50 फीसदी योग्य संस्थागत खरीदारों, 35% रिटेल निवेशकों और 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए आरक्षित रखा है। केफिन टेक्नोलॉजीज इस इश्यू के लिए रजिस्ट्रार है। एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज और किनोट फाइनेंशियल सर्विसेज बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।
| डिटेल्स | डेट |
|---|---|
| सब्सक्रिप्शन विंडो | 24 मार्च से 27 मार्च |
| अलॉटमेंट | 30 मार्च |
| रिफंड की शुरुआत | 1 अप्रैल |
| डीमैट खाते में शेयर जमा | 1 अप्रैल |
| शेयर बाजार में लिस्टिंग | 2 अप्रैल |
अमीर चंद जगदीश कुमार (एक्सपोर्ट्स) लिमिटेड ‘एरोप्लेन’ ब्रांड के तहत उत्पाद बेचती है और बासमती चावल का प्रोसेसिंग व निर्यात करती है। इसके प्रतिस्पर्धियों में सर्वेश्वर फूड्स, एलटी फूड्स, केआरबीएल लिमिटेड और कई अन्य असंगठित प्रोसेसर शामिल हैं। इसके अलावा, कंपनी आटा, सूजी, मैदा, नमक, बेसन और चीनी जैसे जरूरी रसोई सामान भी बेचती है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का नेट मुनाफा 100 प्रतिशत बढ़कर 60.82 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 30.40 करोड़ रुपये था।