बाजार

Closing Bell: शेयर बाजार में तेजी जारी, Sensex 240 अंक मजबूत, Nifty 18,600 के करीब

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- June 05, 2023 | 4:03 PM IST

वैश्विक बाजारों (global market) से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच आज घरेलू शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ हरे निशान पर बंद हुए। आज के कारोबार में सेंसेक्स (Sensex) 240 अंक मजबूत हुआ। वहीं, निफ्टी (Nifty) में भी 60 अंको की बढ़त दर्ज की गई। कारोबार के अंत में निफ्टी 18,593.85 पर बंद हुआ। BSE मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में 0.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।

BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 240.36 अंक यानी 0.38 फीसदी मजबूत होकर 62,787.47 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 62,943.20 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 62,751.72 तक आया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी (Nifty) 59.75 अंक यानी 0.32 फीसदी चढ़ा। निफ्टी दिन के अंत में 18,593.85 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 18,640.15 की उंचाई तक गया और नीचे में 18,582.80 तक आया।

Top Gainers

आज के कारोबार में सेंसेक्स के शेयरों में 16 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स, लार्सन एंड टूब्रो और टाटा स्टील सेंसेक्स के टॉप 5 गेनर्स रहे। सबसे ज्यादा मुनाफा महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों को हुआ। इसके शेयर करीब 3.81 फीसदी तक चढ़े।

Top Losers

वहीं, दूसरी तरफ सेंसेक्स के शेयरों में 14 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, नेस्ले इंडिया, HUL और कोटक बैंक सेंसेक्स के टॉप 5 लूजर्स रहे। सबसे ज्यादा नुकसान टेक महिंद्रा के शेयरों को हुआ। इसके शेयर करीब 1.16 फीसदी तक गिर गए।

First Published : June 5, 2023 | 3:53 PM IST