अमिताभ ने मुंबई में 31 करोड़ रु में खरीदा दो मंजिला अपार्टमेंट

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 4:13 AM IST

बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने मुंबई के अंधेरी इलाके में 31 करोड़ रुपये में 5,184 वर्गफुट का एक अपार्टमेंट खरीदा है। इस मामले से अवगत एक सूत्र ने यह जानकारी दी है।
अपार्टमेंट की कीमत के हिसाब से प्रति वर्गफुट संपत्ति की कीमत 59,788 रुपये है।   
यह अपार्टमेंट एक स्थानीय डेवलपर क्रिस्टल ग्रुप की अटलांटिस परियोजना में स्थित है। बिजनेस स्टैंडर्ड ने पंजीकरण दस्तावेज की एक प्रति देखी है। अभिनेता की पीआर कंपनी को भेजे गए ईमेल पर खबर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
सूत्रों ने कहा कि बच्चन ने संपत्ति दिसंबर 2020 में खरीदी थी लेकिन इसका पंजीकरण अप्रैल, 2021 में कराया। उन्होंने संपत्ति के मूल्य के 2 फीसदी के हिसाब से 62 लाख रुपये का स्टाम्प शुल्क चुकाया। महाराष्ट्र सरकार ने 31 मार्च, 2021 तक के लिए स्टाम्प शुल्क में 2 फीसदी की कमी की थी जिसका उन्होंने लाभ उठाया।
27वीं और 28वीं मंजिल पर स्थित इस दोमंजिले अपार्टमेंट में छह कार पार्किंग हैं।
बच्चन का मुंबई के जुहू इलाके में बंगला है जहां और भी कई अभिनेताओं के घर हैं।      
महाराष्ट्र सरकार ने 31 दिसंबर, 2020 तक के लिए स्टाम्प शुल्क को घटाकर 2 फीसदी और 31 मार्च, 2021 के लिए 3 फीसदी कर दिया था। फिलहाल यह 5 फीसदी है।
इस परियोजना में बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन और निदेशक आनंद एल. राय ने भी अपार्टमेंट खरीदे हैं। इसको लेकर पहले आई खबरों के मुताबिक इस परियोजना में लियोन ने 16 करोड़ रुपये में 4,365 वर्गफुट का अपार्टमेंट खरीदा और राय ने 25 करोड़ रुपये से अधिक का दोमंजिला अपार्टमेंट खरीदा।

First Published : May 29, 2021 | 12:11 AM IST