अंतरराष्ट्रीय

भारत का मोटा अनाज देख ड्रैगन लपलपाने लगा जीभ, सेल्फी से लेकर पकाने तक चीन में होगा कंपटीशन

Published by
भाषा
Last Updated- February 21, 2023 | 5:15 PM IST

प्रागैतिहासिक काल (prehistoric times) में भोजन का मुख्य स्रोत रहे मोटे अनाज ने चीन में Indian Restaurants में शानदार वापसी की है और इस देश में भारत का राजनयिक मिशन ‘अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष 2023’ मना रहा है।

भारत सरकार द्वारा एक प्रस्ताव लाए जाने और खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के सदस्यों की तथा संयुक्त राष्ट्र महासभा (UN General Assembly) के 75वें सत्र में इसे मंजूरी मिलने के बाद वर्ष 2023 को ‘अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है।

प्रस्ताव का 70 से अधिक देशों ने समर्थन किया है। यहां स्थित भारतीय दूतावास ने इस सिलसिले में कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है, जिसमें चीन में FAO के प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ अंतराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष 2023 पर चर्चा के लिए एक गोलमेज चर्चा भी शामिल है।

दूतावास मोटा अनाज पकाने की विधि पर एक पुस्तक का भी विमोचन करेगा और ‘मोटा अनाज पकाने की चुनौती’ और ‘मोटा अनाज सेल्फी प्रतियोगिता’ का भी आयोजन करेगा।

बीजिंग, शंघाई और कई अन्य चीनी शहरों में भारतीय रेस्तरां मोटे अनाज से तैयार किए जाने वाले कई विशेष व्यंजनों के साथ आये हैं, ताकि उन्हें चीनी अतिथियों के बीच लोकप्रिय किया जा सके।

बीजिंग के सबसे पुराने भारतीय रेस्तरां ताज पवेलियन ने मोटे अनाज की एक नयी व्यंजन सूची तैयार की है, जिसमें ‘मिलेट ढोकला’ ‘गोटी पकौड़ी’, ‘टोमैटो रागी ऑमलेट’, ‘चिकन भूना सरगम’, ‘बार्ली मटन पुलाव’ शामिल हैं।

ताज पवेलियन के मालिक एम एच पस्ताकिया ने कहा, ‘‘मोटे अनाज के विशेष व्यंजनों के साथ हम चीनी ग्राहकों को यह प्रदर्शित करने की कोशिश कर रहे हैं कि मोटे अनाज मुख्य व्यंजन में स्वादिष्ट हो सकते हैं।’’

सोमवार को, शंघाई में भारतीय महावाणिज्य दूत डॉ. एन नंदकुमार ने चीनी मीडिया के साथ किये गये संवाददाता सम्मेलन में कार्यक्रम की योजनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व में मोटे अनाज का एक बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता है तथा यह (मोटा अनाज) भोजन एवं पोषण सुरक्षा में एक अहम भूमिका निभा सकता है।

First Published : February 21, 2023 | 5:00 PM IST