उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) के महासचिव (Secretary General) जेन्स स्टॉल्टनबर्ग पिछले साल रूस के आक्रमण के बाद से पहली बार यूक्रेन पहुंचे हैं। NATO के एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने का अनुरोध करते हुए बताया, ‘NATO महासचिव यूक्रेन में हैं। हम जल्द से जल्द और अधिक जानकारी प्रदान करेंगे।’
स्थानीय मीडिया में स्टॉल्टनबर्ग की तस्वीरें प्रकाशित की गई हैं, जिनमें वह कीव के सेंट माइकल स्कवायर पर यूक्रेन के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देते दिख रहे हैं। सांकेतिक महत्व के अलावा स्टॉल्टनबर्ग की इस यात्रा का सही मकसद तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया है।
यूक्रेन NATO का सदस्य नहीं है। 31 देशों का यह संगठन यूक्रेन सरकार को केवल जनरेटर, चिकित्सा उपकरण, सैन्य वर्दियां या अन्य सामान की आपूर्ति करता है।
स्टॉल्टनबर्ग युद्ध के दौरान NATO की ओर से आवाज उठाते रहे हैं और वह यूक्रेन के लिए 31 सदस्य देशों का समर्थन जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।
Also read: SCO: भारत आएंगे बिलावल भुट्टो, 2014 के बाद होगा किसी पाकिस्तानी नेता का पहला दौरा
स्टॉल्टनबर्ग युद्ध शुरू होने से पहले यूक्रेन आए थे, लेकिन युद्ध के बाद यह उनकी पहली यात्रा है। उनकी यह यात्रा यूक्रेन की स्वतंत्रता की रक्षा को लेकर NATO की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस महीने की शुरुआत में फिनलैंड के NATO में शामिल होने से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बड़ा झटका लगा था। रूस अपने आसपास के देशों को NATO से दूर रखना चाहता है। इसी वजह से उसने अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमला किया था।