भारत

गिरफ्तारी को रद्द करने की मांग को लेकर कानूनी टीम जा रही है शीर्ष अदालत के रजिस्ट्रार के घर: आतिशी

केजरीवाल को आबकारी नीति से संबद्ध धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 21, 2024 | 11:12 PM IST

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आबकारी नीति से संबद्ध धनशोधन मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को ‘रद्द’ करने की मांग को लेकर एक कानूनी टीम उच्चतम न्यायालय के रजिस्ट्रार के आवास पर जा रही है।

आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ईडी के हाथों हुई गिरफ्तारी को खारिज करने की मांग करते हुए उच्चतम न्यायालय का रूख किया है।

हमने उच्चतम न्यायालय में आज रात ही इस मामले की सुनवाई करने का आग्रह किया है।’’ एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘‘हमारी कानूनी टीम तत्काल सुनवाई का आग्रह करने के लिए उच्चतम न्यायालय के रजिस्ट्रार के आवास पर जा रही है।’’

केजरीवाल को आबकारी नीति से संबद्ध धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया। यह किसी मुख्यमंत्री की पहली गिरफ्तारी है और इस गिरफ्तारी से पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को एजेंसी की किसी भी जबरन कार्रवाई से संरक्षण देने से इनकार कर दिया था। लोकसभा चुनाव के लिए जारी प्रचार के बीच केजरीवाल (55) की गिरफ्तारी से आम आदमी पार्टी नाराज हो गयी है।

First Published : March 21, 2024 | 11:12 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)