चुनाव

RJ रहीं बेरिल वन्नेइहसांगी मिजोरम की सबसे कम उम्र की महिला विधायक बनीं

मिजोरम में ZPM की जीत: वन्नेइहसांगी सहित तीन महिलाएं निर्वाचित हुईं

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- December 06, 2023 | 3:28 PM IST

पूर्वोत्तर राज्य में हालिया विधानसभा चुनाव में जीत के बाद पूर्व रेडियो जॉकी बेरिल वन्नेइहसांगी मिजोरम की सबसे कम उम्र की महिला विधायक बन गई हैं। ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए, 32 वर्षीय बेरिल ने आइजोल दक्षिण-III निर्वाचन क्षेत्र से 1,414 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

ZPM ने मिजोरम में 40 में से 27 सीटें जीतकर चुनाव में जीत हासिल की। MNF केवल 10 सीटें ही हासिल कर पाई।

1987 में मिजोरम के गठन के बाद यह पहली बार होगा कि कांग्रेस या MNF के अलावा कोई राजनीतिक दल सत्ता में आएगा।

वन्नेइहसांगी ने 9,370 वोट हासिल करके मिज़ो नेशनल फ्रंट (MNF) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एफ लालनुनमाविया को हराया। विधानसभा चुनाव में दो अन्य महिला उम्मीदवार विजयी हुईं।

ZPM का प्रतिनिधित्व करने वाली लालरिनपुई और मिज़ो नेशनल फ्रंट (MNF) की प्रोवा चकमा ने चुनाव में जीत हासिल की। मौजूदा मिजोरम विधानसभा में कोई भी महिला विधान सभा सदस्य (MLA) नहीं थी।

चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद, पूर्व RJ ने महिलाओं को अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। वन्नेहसांगी ने समाचार एजेंसी ANI को बताया, “मैं बस सभी महिलाओं को बताना चाहती हूं कि हमारा जेंडर हमें वह सब कुछ करने से नहीं रोकता है जो हम पसंद करते हैं और करना चाहते हैं।” उन्होंने सभी बैकग्राउंड की महिलाओं को बिना किसी हिचकिचाहट के अपने हितों के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

वन्नेइहसांगी को इससे पहले 2021 में हुए आइजोल नगर निगम (AMC) चुनावों में कॉर्पोरेटर के रूप में चुना गया था। उन्होंने शिलांग में नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी से आर्ट में मास्टर्स किया है।

40 विधानसभा सीटों के लिए कुल 174 उम्मीदवार मैदान में थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दो सीटें मिलीं, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) केवल एक सीट जीतने में सफल रही।

First Published : December 6, 2023 | 3:28 PM IST