अर्थव्यवस्था

भारत 2047 तक विकसित देश बनने की राह पर, लक्ष्य हासिल करने के लिए करना होगा बस ये काम

सान्याल ने कहा कि यह आवश्यक है कि हम वृद्धि की संभावनाओं को साकार करने के लिए सुधार जारी रखें और कुछ आवश्यक प्राथमिकताओं को सूचीबद्ध करें।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 06, 2024 | 10:58 PM IST

प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने बुधवार को कहा कि 2047 तक विकसित देशों की श्रेणी में आने के लिए भारत को मौजूदा वृद्धि की गति बनाये रखने की जरूरत है। सान्याल ने सुझाव दिया कि तेजी से विकास करना जरूरी है क्योंकि 2047 तक, भारत की आबादी बुजुर्ग हो जाएगी और यह उसी स्थान पर होगा जहां चीन अभी है।

उन्होंने यहां ‘इंडिया ग्लोबल फोरम’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम अब भी एक बहुत गरीब देश बने हुए हैं। इसलिए, हमें इस प्रदर्शन को 25 साल तक बनाए रखना होगा। तभी हम 2047 तक जब हमारी आजादी के 100 साल पूरे होंगे, विकसित देशों की श्रेणी में ‘निचले पायदान’ पर पहुंच पाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि यह देश के सामने अवसर है और हमें अन्य चीजों से विचलित हुए बिना आर्थिक वृद्धि पर ध्यान केंद्रित करके काम करना चाहिए।

सान्याल ने कहा कि यह आवश्यक है कि हम वृद्धि की संभावनाओं को साकार करने के लिए सुधार जारी रखें और कुछ आवश्यक प्राथमिकताओं को सूचीबद्ध करें। उन्होंने अनुबंधों को लागू करने को ‘गंभीर मुद्दा’ बताते हुए कहा कि न्यायिक पक्ष के स्तर पर काफी सुधार की जरूरत है।

सान्याल ने कहा, ‘‘हमें 21वीं सदी के लिए बनी न्यायिक व्यवस्था की जरूरत है, न कि 19वीं सदी में अटकी हुई व्यवस्था की।’’ उन्होंने कहा कि नौकरशाही में भी बदलाव की जरूरत है। सान्याल ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के साथ, शहरों के भीतर बुनियादी ढांचे और नागरिक सेवाओं में सुधार की भी जरूरत है तथा सरकार पहले से ही इस पर काम कर रही है।

First Published : March 6, 2024 | 10:58 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)