facebookmetapixel
Advertisement
सिर्फ सैलरी से नहीं चलेगा काम! जानिए कैसे शेयर बाजार, बिजनेस और फ्रीलांसिंग से बढ़ाएं अपनी कमाईMaruti Suzuki Q1 Results: मुनाफा 9% घटकर ₹3,446 करोड़ रहा, कच्चे माल की बढ़ी लागत ने बिगाड़ा खेलPM-KISAN Scheme: सरकार ने किसान सम्मान निधि को 5 साल बढ़ाया, जानें कैसे और कौन उठा सकते हैं लाभकैबिनेट का बड़ा फैसला, पीएम-किसान योजना 5 साल बढ़ी; ₹3.15 लाख करोड़ के खर्च को मिली मंजूरीITC Q1 Results: मुनाफा 27% घटकर ₹3,579 करोड़ रहा, पर कमाई 28% बढ़कर ₹26,943 करोड़ हुई146% बढ़े SMS स्कैम के मामले! बैंक खाता पूरी तरह खाली हों, उससे पहले ही ऐसे पहचानें ठगों के फर्जी मैसेजHAL से ₹2,205 करोड़ का ऑर्डर मिलते ही Astra Microwave के शेयर 14% उछले, बनाया 52 हफ्ते का हाईSun Pharma Q1 Results: सन फार्मा का मुनाफा 27% बढ़कर ₹2,895 करोड़, भारत कारोबार और इनोवेटिव मेडिसिन्स ने दिखाई दमदार बढ़तITR Filing Deadline 2026: आज रात 12 बजे तक भर लें ITR, वरना कल से लगेगी ₹5,000 तक पेनल्टी!Swiggy Instamart पर ब्रोकरेज बुलिश, ₹444 तक का टारगेट; मुनाफे के लिए चाहिए दोगुने ऑर्डर

ICC World Cup 2023: अफगानिस्तान का दूसरा बड़ा उलटफेर, पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया

Advertisement

अफगानिस्तान की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ यह पहली जीत है।

Last Updated- October 23, 2023 | 10:42 PM IST
ICC Cricket World Cup 2023 - Pakistan v Afghanistan

गत चैंपियन इंग्लैंड को हराकर सनसनी फैलाने वाले अफगानिस्तान ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सोमवार को यहां खिताब के एक अन्य दावेदार पाकिस्तान को आठ विकेट से पराजित करके आईसीसी वनडे विश्व कप में एक और उलटफेर करके अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा। अफगानिस्तान की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ यह पहली जीत है।

इससे उसके पांच मैच में चार अंक हो गए हैं। पाकिस्तान के भी इतने ही अंक हैं लेकिन लगातार तीसरी हार से उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को करारा झटका लगा है। अफगानिस्तान के सामने 283 रन का लक्ष्य था।

रहमनुल्लाह गुरबाज (53 गेंद पर 65 रन) और इब्राहिम जादरान (113 गेंद पर 87 रन) ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़कर अफगानिस्तान को शानदार शुरुआत दिलाई।

इसके बाद रहमत शाह (84 गेंद पर नाबाद 77 रन) और कप्तान हसमतुल्लाह शाहिदी (45 गेंद पर नाबाद 48 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 96 रन की अटूट साझेदारी की जिससे अफगानिस्तान ने 49 ओवर में दो विकेट पर 286 रन बनाकर जीत दर्ज की। इससे पहले पिछले कुछ मैचों में रन बनाने के लिए जूझने वाले बाबर ने 92 गेंद पर 74 रन बनाए जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल है।

शफीक ने 75 गेंद पर 58 रन की पारी खेली जबकि शादाब खान (38 गेंद पर 40) और इफ्तिखार अहमद (27 गेंद पर 40) ने बाद के ओवरों में छठे विकेट के लिए 73 रन की उपयोगी साझेदारी की। इससे पाकिस्तान सात विकेट पर 282 रन बनाने में सफल रहा, लेकिन अफगानिस्तान ने इसे बौना साबित कर दिया। जादरान और गुरबाज ने शुरू से ही सतर्कता और आक्रामकता का अच्छा नमूना पेश किया।

उन्होंने पाकिस्तान के प्रमुख गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी के पहले ओवर में 10 रन लेकर संकेत दे दिए थे कि वे गेंदबाजों को हावी नहीं होने देंगे। इसके बाद जब हारिस रऊफ अपना पहला ओवर करने आए तो बल्लेबाजों ने चार चौकों की मदद से उसमें 17 रन बटोरे।

अफगानिस्तान ने पहले 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 60 रन बनाए। गुरबाज ने 38 गेंद पर अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया जबकि जादरान उनसे पहले 54 गेंद पर इस मुकाम पर पहुंचे थे।

अफरीदी ने 22वें ओवर में गुरबाज को आउट करके पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई लेकिन तब तक यह सलामी जोड़ी अफगानिस्तान की तरफ से विश्व कप में दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी निभा चुकी थी। गुरबाज ने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया।

जादरान ने रहमत शाह के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े लेकिन हसन अली की गेंद पर विकेट के पीछे कैच देने से वह वनडे में अपना पांचवा शतक पूरा नहीं कर पाए।

जादरान की पारी में 10 चौके शामिल हैं। रहमत शाह ने 58 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद भी शाहिदी के साथ मिलकर पाकिस्तान के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया तथा अपनी टीम को विश्व कप में कुल मिलाकर तीसरी जीत दिलाई।

रहमत शाह ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए जबकि शाहिदी ने चार चौके जड़े जिसमें विजयी चौका भी शामिल है। इससे पहले धीमी गति के गेंदबाजों के लिए अनुकूल पिच पर अफगानिस्तान ने चार स्पिनर अपनी अंतिम एकादश में शामिल किए।

इनमें बाएं हाथ की कलाई के स्पिनर नूर अहमद सबसे सफल रहे। उन्होंने 49 रन देकर तीन विकेट लिए। तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने 52 रन देकर दो विकेट हासिल किए। ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी (31 रन देकर एक विकेट) ने किफायती गेंदबाजी की जबकि प्रमुख स्पिनर राशिद खान और मुजीब उर रहमान को कोई सफलता नहीं मिली।

पाकिस्तान टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पहले पावरप्ले के 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 56 रन बनाए। इसमें शफीक का योगदान महत्वपूर्ण रहा जिन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए।

उनके सलामी जोड़ीदार इमाम उल हक हालांकि केवल 17 रन बना पाए और पावरप्ले के तुरंत बाद मध्यम गति के गेंदबाज अजमत उमरजई (पांच ओवर में 50 रन देकर एक विकेट) की पहली गेंद पर मिडविकेट पर कैच दे बैठे।

बाबर और शफीक ने भी दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय (52 रन) साझेदारी की। नूर अहमद ने शफीक को पगबाधा आउट करके अपना पहला विकेट लिया। उन्होंने इसके बाद बेहतरीन फॉर्म में चल रहे मोहम्मद रिजवान (08) को शार्ट फाइन लेग पर कैच कराकर अफगानिस्तान को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।

बाबर जब बड़ी पारी खेलने की तरफ अग्रसर थे तब विश्व कप के सबसे युवा खिलाड़ी नूर अहमद ने उन्हें कवर में कैच आउट कराकर पाकिस्तान की डेथ ओवरों की रणनीति गड़बड़ाने की कोशिश की।

इस बीच नबी ने सौद शकील (25) को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया। शादाब और इफ्तिखार ने हालांकि अंतिम ओवरों में तेजी से रन जुटाए। नवीन अल हक ने इन दोनों को पारी के अंतिम ओवर में आउट किया। इफ्तिखार ने अपनी पारी में चार छक्के लगाए।

Advertisement
First Published - October 23, 2023 | 10:41 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement